Movie prime

 रतलाम बार अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश,तत्काल असाधारण सभा बुलाने की मांग

  प्रस्ताव पर दो सौ से अधिक वकीलों के हस्ताक्षरों का दावा
 

 

रतलाम,19 नवंबर (इ खबरटुडे)। जिला अभिभाषक संघ में बीते  कुछ दिनों से अभिभाषकों के बीच चल रही आपसी खींचतान अब अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने तक जा पंहुची है। अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से नाराज अभिभाषकों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश कर तत्काल अभिभाषक संघ की असाधारण सभा बुलाने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया द्वारा नया न्यायालय भवन बनाने के लिए गंगासागर क्षेत्र में भूमि आवंटन का आदेश पारित किया गया था। भूमि आवंटन का आदेश पारित होने के बाद अभिभाषकों का एक वर्ग इसका विरोध करने लगा और न्यायालय के स्थान परिवर्तन के खिलाफ आन्दोलन छेडने की बातें होने लगी थी। इन्ही बिन्दुओं पर आहूत की गई अभिभाषक संघ की साधारण सभा में अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर कई अभिभाषकों ने जबर्दस्त नाराजगी जताई थी। 

अब अध्यक्ष से नाराज अभिभाषकों ने अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है। गुरुवार दोपहर को अविश्वास प्रस्ताव तैयार करने वाले अभिभाषकों अखिलेश श्रौत्रिय और प्रणय ओझा आदि ने प्रस्ताव देने के लिए बार के सचिव चेतन केलवा से सम्पर्क किया,लेकिन वे उपलब्ध नहीं होने के कारण उक्त प्रस्ताव बार के एक कर्मचारी को सौंपा गया और उससे इसकी पावती भी ली गई। अविश्वास प्रस्ताव में बार अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठातेे हुए उनके त्यागपत्र की मांग की गई है। अविश्वास प्रस्ताव में कहा गया है कि यदि अध्यक्ष स्वेच्छा से त्यागपत्र नहीं देते है. तो संघ की अ्साधारण सभा में उन्हे पद से हटाने का प्रस्ताव पारित कराया जाएगा। सदस्यों ने सचिव से तत्काल आसाधारण सभा आहूत करने की मांग की है।

  एडवोकेट अखिलेश श्रोत्रिय ने बताया कि चूंकि अविश्वास प्रस्ताव अध्यक्ष राकेश शर्मा के खिलाफ है और यह बार सचिव को सम्बोधित किया गया है,इसलिए प्रस्ताव अध्यक्ष को नहीं देते हुए बार के कर्मचारी को सौंपा गया है। श्री श्रौत्रिय का दावा है कि इस प्रस्ताव पर दो सौ दस से अधिक अभिभाषकों ने हस्ताक्षर किए है। दूसरी ओर बार सचिव चेतन केलवा ने बताया कि आज वे रतलाम से बाहर थे,इसलिए वे प्रस्ताव स्वयं नहीं ले पाए। अभी उन्होने प्रस्ताव देखा नहीं है। शुक्रवार को जब यह प्रस्ताव उन्हे मिलेगा,तब वेे इसे पढने के बाद असाधारण सभा बुलाने के सम्बन्ध में निर्णय लेंगे।