रतलाम / सोना लेकर फरार आरोपी पर ढेड़ माह बाद भी प्रकरण दर्ज नहीं, पुलिस की कार्यवाही पर उठे सवाल
रतलाम, 26 फरवरी (इ खबर टुडे)। जिले की पुलिस लगातार सक्रियता दिखाते हुए वाह वाही लूटने में हमेशा आगे रहती है, वही दूसरी और माणक चौक थाना की पुलिस चोरी के प्रकरण दर्ज करने से कतरा रही है। थाना क्षैत्र अंतर्गत करीब ढेड़ माह पूर्व सोना लेकर फरार हुआ आरोपी पर ना तो कुछ कार्यवाही हुई और ना ही आरोपी पर प्रकरण दर्ज हुआ। पुलिस ने फरियादी से केवल आवेदन लेकर खाना पूर्ति कर दी। पुलिस की इस तरह की कार्यशैली सवालों घेरे में है।
फरियादी मोह्हमद हुसैन पिता शेख अजीजुरेहमान 40 वर्षीय निवासी खटीक मोह्हला के अनुसार उसकी धनजी बाई के नोहरा स्थित सिद्धार्थ मार्केट में सोने की पालिश और जेवर बनाने की दूकान है। उसकी दूकान पर तीन बंगाली कारीगर काम करते है, जिनका वेरिफिकेशन माणकचौक थाना पुलिस से करवाया गया है। दूकान पर राजकुमार नामक कारीगर को पिछले माह 10 जनवरी को सोने के जेवर बनाने के लिए 90 ग्राम 500 मिलीग्राम (92 टंच) का सोना दिया था।
शाम करीब 5 बजे कारीगर चाय पीने का बोलकर दूकान के बाहर गया और वापस नहीं आया। राजकुमार उसके घर में ही रहता था। घर पर तलाश करने पर भी नहीं मिला तो फरियादी ने माणक चौक थाना पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। थाने की पुलिस ने औपचारिकता निभाते हुए फरियादी से शिकायत का आवेदन लेकर मामले को रफा - दफा कर दिया। ढेड़ माह बीतने पर भी पुलिस ने ना तो फरार आरोपी की जांच की और ना ही मामले में प्रकरण दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज भी कराये उपलब्ध
राजकुमार नामक बंगाली कारीगर के फरार होने के तुरंत बाद फरियादी ने दूकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किये, जिस पर आरोपी कारीगर काम करते हुए उक्त सोना अपनी जर्किन में रखता हुआ दिखाई दे रहा है, फिर दूकान के बाहर निकल गया और लोट कर फिर नहीं आया। फरियादी ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में रिकार्ड हुई विडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराने के साथ फरार आरोपी के सभी दस्तावेज भी पुलिस को सौप दिए। बावजूद पुलिस की मामले को लेकर आज तक की कार्यशैली सवालो के घेरे में है।

