रतलाम में रात्रिकालीन गश्त सख्त: एसपी अमित कुमार ने किया औचक निरीक्षण, हाईवे और ढाबों पर हुई संदिग्धों की चेकिंग
रतलाम,15 नवम्बर (इ खबर टुडे)। शहर में हाल ही में सामने आई रात्रिकालीन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार ने शहर और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा करने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने गश्त अधिकारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों का असर सुनिश्चित करने के लिए एसपी अमित कुमार ने स्वयं रात्रि में गश्त का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहर और हाईवे के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ढाबों और संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने हाईवे पर स्थित संदिग्ध स्थानों और ढाबों पर रुककर वहां मौजूद व्यक्तियों की गहन चेकिंग की। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रात के समय संवेदनशील इलाकों, सुनसान रास्तों और मुख्य मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। गश्त दल केवल तय बिंदुओं पर खड़े रहने के बजाय लगातार मूवमेंट में रहें ताकि अपराधियों में खौफ बना रहे।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, चोरों की तलाश तेज
पुलिस अधीक्षक ने दो टूक कहा कि रात्रिकालीन गश्त में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चोरी और अन्य वारदातों की रोकथाम के लिए पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने को कहा गया है।
शहर में हुई चोरी की वारदातों के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों (टेक्निकल एविडेंस) के आधार पर लगातार जांच कर रही हैं। रतलाम पुलिस की इस मुस्तैदी से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और शहरवासियों की सुरक्षा को पुख्ता करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

