रतलाम: शादी के 5वें दिन नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, छत से रस्सी के सहारे उतरने के दौरान हादसा
रतलाम,02अगस्त(इ खबर टुडे)। शहर के करमदी रोड क्षेत्र में शादी के महज पांचवें दिन एक 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। मृतका बिहार से रतलाम लाई गई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती रात के अंधेरे में मकान की तीसरी मंजिल से नारियल की रस्सी के सहारे नीचे उतरकर भागने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान जर्जर रस्सी टूट गई और लगभग 25 फीट की ऊंचाई से सिर के बल नीचे रेत के ढेर पर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विवाह में दलालों की भूमिका और पैसों के लेन-देन की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करमदी रोड निवासी 45 वर्षीय मुकेश पिता रामचंद्र (पेशा: वेल्डिंग कार्य) का विवाह बड़नगर क्षेत्र के भेसला कलां निवासी मोहन नामक मध्यस्थ (दलाल) के जरिए बिहार के रोहतास जिले के करवंदिया गांव निवासी संध्या (23) पिता नंदलाल चौधरी से तय हुआ था। दलालों ने शुरुआत में विवाह के लिए 3.50 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में 2.60 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। गत 26 जुलाई को बिहार के ताज मैरिज गार्डन में दोनों का विवाह हुआ और 27 जुलाई की संध्या को दुल्हन रतलाम पहुंची थी।
30 जुलाई की देर रात हुआ हादसा
मुकेश ने बताया कि 30 जुलाई की रात वह और संध्या मकान की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में सोए हुए थे, जबकि उसकी मां नीचे के कमरे में थीं। रात करीब 2 बजे जब मुकेश की नींद खुली, तो संध्या बिस्तर पर नहीं थी। काफी देर तक वॉशरूम से वापस न लौटने पर उसने पड़ोसियों को सूचना दी। जब घर के पीछे जाकर देखा गया, तो संध्या पीछे रेत के ढेर पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
रस्सी टूटने से सिर के बल गिरी नवविवाहिता
पुलिस व एफएसएल (FSL) जांच में सामने आया कि संध्या रात में तीसरी मंजिल की छत पर गई और वहां रखी मचान बांधने वाली पुरानी व जर्जर नारियल की रस्सी को दोहरा कर नीचे उतरने का प्रयास करने लगी। करीब 10 फीट नीचे उतरते ही रस्सी बीच से टूट गई, जिससे वह सीधे सिर के बल नीचे आंगन में पड़ी रेत पर जा गिरी। गंभीर अंदरूनी चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सत्येंद्र घनघोरिया तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से साक्ष्य जुटाए।
परिजन आने से कतराए, दलाल दे रहा धमकी
घटना के बाद पुलिस ने बिहार स्थित मृतका के परिजनों को सूचित किया, लेकिन उन्होंने रतलाम आने से साफ इंकार कर दिया। वहीं, जब ससुराल पक्ष ने बिहार के मुख्य दलाल राजेश से संपर्क कर परिजनों को भेजने का आग्रह किया, तो वह पहले टालमटोल करता रहा। बाद में बार-बार फोन करने पर उसने खुद सल्फास खाकर आत्महत्या करने की धमकी दे डाली।
खरीद-फरोख्त और दलालों का सिंडिकेट जांच के दायरे में
पुलिस अब केवल हादसे की परिस्थितियों तक सीमित न रहकर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। विवाह कराने वाले दलालों के नेटवर्क, उनके बीच हुए रुपयों के लेन-देन और मानव तस्करी (लुटेरी दुल्हन या खरीद-फरोख्त गिरोह) के एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

