Movie prime

 रतलाम: नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

 

 

रतलाम, 13 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जरपाड़ा में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता ने घर के अंदर अज्ञात कारणों के चलते फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
​
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका एतरी (19) पत्नी लक्ष्मण देवधाम निवासी ग्राम गुर्जरपाड़ा थी। बीते गुरुवार दोपहर को एतरी अपनी जेठानी हुगली बाई के साथ घर के पास ही खेत में मक्का तोड़ रही थी। उस दौरान मृतका का पति लक्ष्मण अपनी छोटी बहन को छोड़ने पेटलावद गए हुए थे, जबकि जेठ रामेश्वर सुबह ही खेत पर चले गए थे।

​दोपहर करीब 1 बजे एतरी ने अपनी जेठानी हुगली बाई को पानी पीने जाने का कहा और घर लौट आई। काफी देर तक जब एतरी वापस नहीं लौटी, तो जेठानी उसे देखने के लिए घर पहुँची। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए; एतरी अंधेरे में घर की कच्ची छत की बल्ली पर रस्सी के फंदे पर लटकी हुई थी।

​पोस्टमार्टम के बाद कारणों का होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही रावटी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम हेतु रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच की जा रही है।