Movie prime

रतलाम / नवविवाहिता ने घर में लगाई फांसी, हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

 
 

रतलाम, 11 फरवरी (इ खबर टुडे)। शहर के पीएमटी कॉलोनी क्षेत्र में आज दोपहर तब हड़कंप मच गया, जब एक नवविवाहिता महिला ने पंखे से लटक कर फांसी का फंदा गले में लगा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच में जुटी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत आरजू पति शमसुद्दीन शेख 32 वर्षीय पीएनटी कॉलोनी निवासी ने आज सुबह फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, ओद्योगिक थाना पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। 

पुलिस ने बताया कि मृतक आरजू का पति शमसुद्दीन आज सुबह 6:30 बजे घर में पत्नी को अंदर बंद कर ताला लगाकर चाची के निधन के कार्यक्रम में गया था। 3 घंटे बाद सुबह 9:30 बजे पत्नी ने फोन लगा कर तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए घर बुलाया। शमसुद्दीन घर आया और दवाई देकर फिर से कार्यक्रम में लौट गया। कार्यक्रम पश्चात दोपहर करीब 12:30 बजे शमसुद्दीन घर लौटा और ताला खोला तो पत्नी आरजू पंखे पर फंदे पर लटकी हुई थी। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की हर पहलु से जांच में जुटी हुई है। 

परिजनों के अनुसार शमशुद्दीन और मृतिका आरजू दोनों की दूसरी शादी थी। दोनों का विवाह पिछले वर्ष अगस्त माह में हुआ था। दोनों में किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं था। पुलिस ने मृतिका के पति के बयान और परिजनों से भी जानकारी जुटाकर आत्महत्या के कारणों का पता करने में लगी हुई है।