Movie prime

 रतलाम / एनडीपीएस एक्ट में 2 साल से फरार 5,000 का इनामी आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

 
 

रतलाम, 03 जून (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और लंबे समय से फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के तहत पिपलोदा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे 5,000 के इनामी आरोपी को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिपलोदा निरीक्षक रमेश कोली के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त 2024 को पिपलोदा पुलिस ने माउखेड़ी–पंचेवा आम रोड पर एक अल्टो कार से अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया था। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 269/2024 के तहत धारा 8/15 और 29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों, अजय सिंघानिया और सोनू मीणा को पहले ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया था। लेकिन इस तस्करी का मुख्य सह-आरोपी कालूराम पिता श्यामलाल सुथार (निवासी हिंगोरिया, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान) घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी अमित कुमार द्वारा 5,000 का इनाम घोषित किया गया था।

साइबर सेल की मदद से राजस्थान में दबोचा
फरार इनामी आरोपी की तलाश के लिए सुखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजू मखोड के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने साइबर सेल रतलाम की मदद से तकनीकी विश्लेषण (ट्रेसिंग) और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी कालूराम सुथार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

अभियान रहेगा जारी
एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिले में अपराधियों, फरार वारंटियों और नशा तस्करों के खिलाफ 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
आरोपी को दबोचने में पिपलोदा थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कोली, सुखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजू मखोड, आरक्षक विजयपाल सिंह, हीरालाल आर्य, जितेंद्र माली और साइबर सेल रतलाम के आरक्षक तुषार सिसोदिया की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।