Movie prime

 ऑपरेशन क्लीन में बड़ी सफलता: 3 साल से फरार एनडीपीएस एक्ट का आरोपी पुणे से गिरफ्तार, पुलिस टीम होगी सम्मानित

 
 

रतलाम, 30 मई(इ खबर टुडे)। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन क्लीन" के तहत थाना शिवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक गंभीर प्रकरण में पिछले करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे शहर से गिरफ्तार कर लिया है। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में शिवगढ़ पुलिस ने यह कार्रवाई की।

डोडाचूरा से भरी क्रेटा कार हुई थी बरामद

पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल 2025 को रात्रि गश्त के दौरान ग्राम काजलियापाड़ा के समीप 8 लेन मार्ग पर एक संदिग्ध सफेद रंग की क्रेटा कार (MP-09-CU-6977) लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें काले कट्टों में भरा हुआ अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ था।

मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए वाहन और मादक पदार्थ को जब्त किया गया तथा थाना शिवगढ़ में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

साइबर तकनीक और मुखबिर सूचना से मिला सुराग

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और मोबाइल टॉवर लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

साइबर सेल से प्राप्त जानकारी में आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे शहर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को एक फर्नीचर प्रतिष्ठान पर कार्य करते हुए चिन्हित किया।

पूछताछ में कबूला अपराध

पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मोहनलाल पिता रूघनाथराम भादु (26 वर्ष) निवासी ग्राम पुनासा, थाना भीनमाल, जिला जालौर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक ने की टीम की सराहना

एनडीपीएस एक्ट के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी और लगातार प्रयासों से मिली सफलता पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कार्रवाई में शामिल पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री अनिशा जैन, थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक रणजीत सिंह मकवाना, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान सहित थाना शिवगढ़ के पुलिसकर्मियों एवं साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इसे ऑपरेशन क्लीन के तहत मिली एक बड़ी सफलता बताया है।