सैलाना की एनसीसी कैडेट खुशी जाट ने हिमाचल के ट्रैकिंग कैंप में बढ़ाया मान
रतलाम / सैलाना, 02 जुलाई (इ खबर टुडे)। जन जातीय कार्य विभाग के अन्तर्गत संचालित पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सैलाना की एनसीसी कैडेट ने हिमाचल प्रदेश में विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की कैडेट कुमारी खुशी प्रकाश जाट ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रीय ट्रैकिंग कैंप में सफलतापूर्वक भाग लेकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
कैडेट खुशी ने इस चुनौतीपूर्ण कैंप के दौरान अदम्य साहस और उत्कृष्ट अनुशासन का परिचय देते हुए सभी गतिविधियों को पूरा किया। सैलाना के एक छोटे से गांव भैंसा डाबर की रहने वाली खुशी के लिए यह कैंप एक कभी न भूलने वाला और यादगार अनुभव रहा।
बटालियन और विद्यालय परिवार ने जताया हर्ष
खुशी प्रकाश जाट की इस गौरवमयी उपलब्धि पर 21 मध्यप्रदेश बटालियन रतलाम के कमान अधिकारी कर्नल राघवेंद्र सिंह, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत तथा सूबेदार मेजर कालीचरण ने हर्ष व्यक्त करते हुए कैडेट के उज्जवल भविष्य की कामना की है।
ढोल-धमाकों के साथ हुआ स्वागत
कैंप पूर्ण कर विद्यालय लौटने पर एनसीसी अधिकारी माया मेहता के नेतृत्व में विद्यालय परिवार द्वारा छात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुनीता छजलानी ने कहा "एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के ट्रैकिंग कैंप में सफलता पाना हमारे विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए बड़े गौरव की बात है। खुशी ने अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा पेश की है।"
इस गरिमामयी स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिवार, शिक्षकगण और छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने खुशी की इस सफलता पर बधाई दी।

