घर का भेदी ही निकला चोर: माँ और बहन के जेवर उड़ाने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार, तीन लाख के आभूषण बरामद
रतलाम,09अप्रैल(इ खबर टुडे)। पुलिस ने ग्राम पिपलिया सिसोदिया में हुई चोरी की गुत्थी को महज 5 दिनों में सुलझाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस चोरी को किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि घर के ही बेटे ने अंजाम दिया था। रतलाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से ₹3 लाख कीमत के सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व 6 अप्रैल को ग्राम पिपलिया सिसोदिया निवासी कन्हैयालाल पाटीदार ने थाना आलोट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अप्रैल की रात उनके घर से उनकी माँ और बहन के सोने के जेवर चोरी हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ऐसे बेनकाब हुआ आरोपी भाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के निर्देशन में एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम की टीम ने जब गांव में तफ्तीश की, तो एक अहम सुराग हाथ लगा। ग्रामीणों ने बताया कि घटना की रात फरियादी का भाई राहुल पाटीदार (24), जो पिछले 4 साल से रतलाम में रह रहा है, गांव में देखा गया था।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने रतलाम के काटजू नगर पहुंचकर राहुल को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में राहुल टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बरामदगी चोरी का माल
पुलिस ने आरोपी राहुल की निशानदेही पर उसके रतलाम स्थित किराए के मकान से चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसमें 02 सोने के मंगलसूत्र, 01 जोड़ी सोने की झुमकी (कुल अनुमानित कीमत: ₹3,00,000/-) शामिल हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक आर.सी. खड़िया, प्रधान आरक्षक अमित भावसार, आरक्षक अंकित काला और आरक्षक दीपक पाटीदार की विशेष भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

