Movie prime

 महाकाल के दरबार में 6.57 लाख श्रद्धालु पहुंचे ,15 अगस्त ने पिछले  4 साल के रिकॉर्ड ध्वस्त किये

 एक दिन में 1.62 करोड़ की आय, 122 क्विंटल लड्डू बिके
 

 

उज्जैन,16 अगस्त(इ खबर टुडे)। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त शुक्रवार को बाबा महाकाल के दरबार में इतिहास बन गया। देशभर से आए 6 लाख 57 हजार 218 श्रद्धालुओं ने एक दिन में दर्शन किए। ये आंकड़ा बीते 4 साल में सबसे ज्यादा है।  इससे पहले इतनी भीड़ महाशिवरात्रि 1 मार्च 2022 को देखी गई थी, तब 6.21 लाख भक्त पहुंचे थे। 15 अगस्त ने उस रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

 

भाद्रपद, छुट्टी और तिरंगा यात्रा के चलते सुबह 3 बजे से ही नगरी जय श्री महाकाल के जयकारों से गूंज उठी थी। मंदिर प्रबंध समिति के जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाडिया के अनुसार हेड काउंटेबिल आंकड़ों के मुताबिक 15 अगस्त 2026 को 6,57,218 दर्शन हुए। कोविड के बाद 2022 की महाशिवरात्रि के बाद पहली बार 6 लाख का आंकड़ा पार हुआ है। रिकॉर्ड भीड़ के साथ मंदिर की आय भी रिकॉर्ड पर पहुंची। श्रद्धालुओं ने 122.165 क्विंटल लड्डू खरीदे। इससे आय ₹54,69,800  शीघ्र दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट 27,953 श्रद्धालु ने लिए जिससे ₹69,88,250 की आय हुई है। इसी तरह से शीघ्र दर्शन काउंटर टिकट 15,200 श्रद्धालु ने लिए जिससे ₹38,00,000 आय हुई। इस प्रकार शीघ्र दर्शन के टिकिट से कुल ₹1,07,88,250

टिकट आय हुई। मंदिर प्रबंध समिति को इस प्रकार 15 अगस्त पर एक दिन की कुल आय ₹1,62,58,050 हुई है।

पिछले 4 वर्ष में सर्वाधिक

 इससे पूर्व मंदिर में 1 मार्च 2022 – महाशिवरात्रि को  6 लाख 21हजार श्रद्धालु पहुंचे थे। 26 जनवरी 2024 गणतंत्र दिवस के अवसर पर  5लाख 89के करीब श्रद्धालु पहुंचे थे । 15 अगस्त 2023 को  5 लाख 42 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे।

 

व्यवस्था के लिए 500 जवान, 3 शिफ्ट में सफाई

इतनी भीड़ के चलते प्रशासन ने फुलप्रूफ इंतजाम किए हैं। मंदिर में सुरक्षा कर्मी 500 तैनात किए गए हैं। 4 लेयर बैरिकेड, ड्रोन से निगरानी के साथ ही सुबह शाम स्नीफर डाग यहां पहुंचकर जांच को अंजाम दे रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 50 वाटर कूलर, 10 मेडिकल कैंप, 200 सफाईकर्मीलगे हुए हैं। भगवान के दर्शनों का सिलसिला तडके 4 बजे से रात 10 बजे तक लगातार चलता है।