स्टेशन रोड पर बंदर का आतंक बरकरार: युवक पर झपट्टा मार लहूलुहान किया, दुकानदारों में खौफ (देखिए वीडियो)
रतलाम, 30 जून (इ खबर टुडे)। शहर के व्यस्ततम स्टेशन रोड इलाके में खूंखार बंदर का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन पूर्व कई लोगों को घायल करने के बाद आज मंगलवार शाम को इस बंदर ने एक बार फिर क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया और एक राहगीर को बुरी तरह नोच कर लहुलुहान कर दिया। बंदर के इस नए हमले से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को बंदरों का एक झुंड स्टेशन रोड पर पहुंचा। इसी झुंड में शामिल एक घातक बंदर ने सड़क पर दौड़ लगाते हुए वहां से गुजर रहे बाइक सवार गौरव जायसवाल (33 वर्ष, निवासी बांगरोद) पर अचानक झपट्टा मार दिया। बंदर के इस हमले से घबराकर गौरव वाहन सहित सड़क पर गिर गए। बंदर ने उन्हें इतनी बुरी तरह नोंचा कि उनके हाथ से खून बहने लगा। लहूलुहान अवस्था में आस-पास के लोगों ने उन्हें तुरंत संभाला और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
दुकानों में घुसने का प्रयास, हाथ में डंडे थामे रहे व्यापारी
राहगीर को घायल करने के बाद भी बंदर का तांडव शांत नहीं हुआ। वह करीब आधे घंटे तक पूरे क्षेत्र में तबाही मचाता रहा और आस-पास की दुकानों में घुसने का प्रयास करने लगा। बंदर के इस हिंसक रूप को देखकर क्षेत्र के व्यापारी दहशत में आ गए। एहतियात के तौर पर सभी दुकानदार अपने हाथों में डंडे लेकर बैठ गए ताकि बंदर को खदेड़ा जा सके।
दो दिन पहले पत्रकार पर भी किया था हमला
उल्लेखनीय है कि इस बंदर ने शनिवार को भी सुबह के समय भारी तबाही मचाई थी, जिसमें 3 से 4 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। इसी दिन शाम को पत्रकार यशवंत राठौड़ भी इस बंदर के चंगुल में आने से बाल-बाल बचे थे। जब वे चाय पीकर लौट रहे थे, तब बंदर उनकी चलती गाड़ी की पिछली सीट पर आकर बैठ गया था और करीब 40 मिनट तक उन्हें काटने व बाल नोचने का प्रयास करता रहा। पत्रकार राठौड़ ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए खुद को सुरक्षित बचाया था।
बढ़ता जा रहा है आक्रोश:
स्टेशन रोड जैसे व्यस्त इलाके में लगातार हो रहे इन हमलों से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस खूंखार बंदर को नहीं पकड़ा गया, तो कोई बड़ी जनहानि हो सकती है।


