रतलाम में शर्मसार करने वाली घटना: मानसिक विक्षिप्त महिला से दुष्कर्म, 5 माह की गर्भवती; पुलिस जांच में जुटी
रतलाम,17 सितंबर (इ खबर टुडे)। जिले के नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बेहद संवेदनशील और दर्दनाक मामला सामने आया है। ग्राम अमलेटा में एक 25 वर्षीय मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ है। पीड़िता के 4 से 5 महीने की गर्भवती होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नामली थाना प्रभारी अमित कोरी से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने बताया कि महिला के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ था, जिसके बाद वे उसे तुरंत डॉक्टर के पास इलाज के लिए ले गए। डॉक्टरों ने जब महिला की चिकित्सकीय जांच की, तो उसके 4 से 5 माह के गर्भवती होने का खुलासा हुआ। यह बात सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत नामली थाना पुलिस को सूचित किया।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, गांव पहुंची पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नामली थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने पीड़िता के गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने में लग गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

