रतलाम / शराब दुकान खोलने का भारी विरोध, मुस्लिम महिलाओं ने 'जय भीम' की तख्तियां हाथ में लेकर किया चक्का जाम (
देखें लाइव विडियो )
रतलाम, 13 अप्रैल (इ खबर टुडे)। शहर के सराय स्थित लोहा मंडी क्षेत्र में आज उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक नई शराब दुकान खोलने के विरोध में स्थानीय रहवासी और व्यापारी सड़कों पर उतर आए। रहवासियों ने दुकान के विरोध में भारी प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया और जमकर नारेबाजी की।
यह क्षेत्र मुख्य रूप से रहवासी होने के साथ-साथ एक व्यस्त व्यवसायिक मार्ग भी है। मुख्य सड़क पर शराब दुकान खुलने से नाराज आसपास के दुकानदारों ने भी अपना समर्थन दिया और अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। रहवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके और मुख्य मार्ग पर शराब की दुकान होने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा और महिलाओं व बच्चों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि रहवासियो की मांग के चलते इस क्षेत्र में किसी भी हाल में शराब दुकान नहीं खुलने जाएगी।
मुस्लिम महिलाओं का अनूठा विरोध
इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। विशेष रूप से मुस्लिम महिलाएं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के पोस्टर के साथ दुकान के बाहर बैठ गईं। महिलाओं ने दुकान के बाहर डेरा डाल दिया और साफ कर दिया कि वे किसी भी स्थिति में यहाँ शराब दुकान नहीं खुलने देंगी।
नारेबाजी और चक्का जाम
प्रदर्शनकारी रहवासी और दुकानदार सड़क पर ही बैठ गए, जिससे यातायात बाधित हुआ। प्रदर्शन के दौरान "शराब दुकान बंद करो" और "आबकारी विभाग मुर्दाबाद" के नारे लगाए गए। लोगों ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनभावनाओं को ताक पर रखकर रिहायशी इलाकों में शराब की दुकानें आवंटित की जा रही हैं।
मौके पर स्थिति को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी, हाट की चौकी प्रभारी पंकज राजपूत सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे, लेकिन रहवासी दुकान को वहां से हटाने की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन जारी था।

