दहेज/घरेलू हिंसा से परेशान विवाहिता से बेरहमी से मारपीट: पति, सास और ससुराल वालों पर FIR दर्ज
रतलाम,06 अगस्त(इ खबर टुडे)। जिले के ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुढ़भेली में घरेलू विवाद के चलते एक महिला के साथ उसके पति, सास और ससुर द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी 8 साल पहले लखनदास बैरागी के साथ हुई थी। घटना की रात (3 अगस्त 2026) करीब 10 बजे जब वह अपनी 3 साल की छोटी बच्ची को सुला रही थी, तभी उसके पति लखनदास ने आकर सोते हुए उस पर लातों से हमला कर दिया। हमले के कारण पीड़िता नीचे गिर गई और उसकी आंख के पास चोट आई।
आरोप है कि महिला जब जमीन पर गिरकर दर्द से तड़प रही थी, तब ससुर नागुदास और सास गुट्टीबाई भी वहां आ पहुंचे। आरोपियों ने तड़प रही महिला को उठाने के बजाय उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया और उसे अश्लील गालियां देने लगे। इसके बाद पति ने थप्पड़ों से जमकर मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और पैर पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसे पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
मायके वालों ने थाने पहुंचकर कराई रिपोर्ट
घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह अपने भाई और पिता को फोन कर मामले की जानकारी दी। अगले दिन भाई शुभम और परिवार के सदस्य पहुंचे और उसे मायके (देवरी) ले गए। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ पुलिस थाने पहुंचकर पति लखनदास, ससुर नागुदास और सास गुट्टीबाई के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

