रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता: 27 लाख का चोरी हुआ ट्रक 24 घंटे में हरियाणा से बरामद
रतलाम, 11नवंबर (इ खबर टुडे)। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने मुस्तैदी और अंतरराज्यीय समन्वय का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए चोरी गया 27 लाख रुपये की कीमत का आयशर ट्रक 24 घंटे के भीतर हरियाणा से बरामद कर लिया है।
पुलिस से मेरी जानकारी के अनुसार ग्राम भूतेड़ा निवासी फरियादी अंकलेश्वर 22 पिता प्रभुलाल भील का आयशर ट्रक (क्रमांक RJ 09 GE 5978, अनुमानित कीमत ₹27 लाख) अज्ञात बदमाश चुरा ले गए थे। दो दिन पूर्व सोमवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी सुमित मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और वाहन ट्रैकिंग सिस्टम की मदद ली। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए पहले ट्रक को मुंबई की तरफ ले गए और फिर तड़के लगभग 3 बजे दिल्ली की ओर मुड़ गए।
एक्सप्रेस-वे पर ट्रक डिटेक्ट होते ही रतलाम पुलिस की टीम तुरंत रवाना हुई और आगे के पुलिस थानों को अलर्ट भेजा।
हरियाणा पुलिस के सहयोग से मिली सफलता
रतलाम पुलिस ने हरियाणा के जिला नूंह स्थित चौकी जयसिंहपुरा पुलिस से संपर्क साधा। सूचना मिली कि कलिंजरा टोल के पास तकनीकी खराबी के कारण बदमाश ट्रक छोड़कर फरार हो गए। जयसिंहपुरा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लावारिस हालत में खड़े ट्रक को जब्त कर लिया। रतलाम पुलिस और नूंह पुलिस के बेहतर तालमेल से 24 घंटे के भीतर पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया। फिलहाल अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
इस त्वरित कार्रवाई में जावरा थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा, उप निरीक्षक प्रदीप शर्मा, प्रधान आरक्षक बालकृष्ण चंदेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह तथा नूंह (हरियाणा) की जयसिंहपुरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बलवीर सिंह एवं सहायक उप निरीक्षक शमीम की मुख्य भूमिका रही।

