Movie prime

 

डोडाचूरा तस्कर रमजानी खान पर रतलाम पुलिस का बड़ा प्रहार: SAFEMA कोर्ट से ₹1.20 करोड़ की 3 संपत्तियां फ्रीज

 

​रतलाम, 04नवंबर (इ खबर टुडे)। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार से अर्जित अवैध कमाई को ध्वस्त करने के लिए SAFEMA (सफेमा) अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की है। इसी कड़ी में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के तहत डोडाचूरा तस्कर रमजानी खान की ₹1.20 करोड़ मूल्य की 03 संपत्तियों को फ्रीज (जब्त) करने के आदेश जारी हो गए हैं।
​
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत 256 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा तस्करी मामले में आरोपी रमजानी खान (पिता गुलाब खान) की संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव भेजा गया था। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक (सफेमा/NDPSA), मुंबई (वित्त मंत्रालय, राजस्व विभाग) ने 2 नवंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 68F(2) के अंतर्गत संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि कर दी है।

​फ्रीज की गई संपत्तियों का ब्योरा
​कृषि भूमि (सर्वे नं. 202/1): रकबा 0.28 हेक्टेयर, ग्राम उमटपालिया (थाना जावरा) – कीमत लगभग ₹50 लाख, ​आवासीय/व्यावसायिक भूमि क्रमांक 31, ग्राम उमटपालिया (थाना जावरा) – कीमत लगभग 20 लाख, ​कृषि भूमि (सर्वे नं. 202/2 - पत्नी के नाम) रकबा 0.28 हेक्टेयर, ग्राम उमटपालिया (थाना जावरा) – कीमत लगभग  50 लाख फ्रिज की गई।

​रतलाम पुलिस का अब तक का कड़ा रुख
रतलाम पुलिस केवल आपराधिक मामलों तक सीमित न रहकर नशे के सौदागरों के आर्थिक ढांचे को ध्वस्त करने में जुटी है। अब तक पुलिस द्वारा 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध संपत्तियों को फ्रीज कराने हेतु SAFEMA कोर्ट प्रकरण भेजे जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 39 करोड़ 24 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियां फ्रीज की जा चुकी हैं।
​
इस पूरी वैधानिक कार्रवाई को अंजाम देने में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के निरीक्षक सुमित मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार और आरक्षक सुनीता जाट की सराहनीय भूमिका रही।

​पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध कारोबार से जुड़े अन्य माफियाओं को भी चिह्नित कर उनकी संपत्तियां फ्रीज करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।