Movie prime

 रतलाम पुलिस का ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, महिला समेत तीन और तस्कर गिरफ्तार

 55 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्ती मामले में अब तक 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
 
 एसपी अमित कुमार के निर्देशन में 'सप्लाई चेन' ध्वस्त करने के लिए चल रहा महाअभियान

 

रतलाम, 20 जून(इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। रिंगनोद पुलिस ने एमडी (MD) ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस की इस "नेटवर्क आधारित कार्रवाई" से ड्रग्स माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 12 मई 2026 को थाना रिंगनोद पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर वकील कॉलोनी निवासी युनुस पिता सैय्यद हबीब (46 वर्ष) को 55 ग्राम कीमती एमडी ड्रग्स के साथ दबोचा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जब जांच आगे बढ़ाई गई, तो परत-दर-परत पूरा नेटवर्क सामने आता गया।

पूछताछ में टूटी सप्लाई चेन, 6 आरोपी धराए
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के सख्त निर्देश हैं कि ड्रग्स मामलों में केवल जब्ती ही नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपे पूरे नेटवर्क को नेस्तनाबूत किया जाए। एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में पुलिस ने मुख्य आरोपी से वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर कड़ाई से पूछताछ की। इस पूछताछ के बाद पुलिस ने पहले आमीर उर्फ अन्नू बाबा, आसिम और सुधीर कल्याणे को गिरफ्तार किया। इसके बाद कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम ने रतलाम शहर में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर एक बार फिर दबिश दी और एक महिला सहित तीन अन्य तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

युवाओं को नशे से बचाना पहली प्राथमिकता: एसपी
"रतलाम पुलिस छोटे पैडलर्स से लेकर बड़े सप्लायर्स तक पहुंचने के लिए तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र का सहारा ले रही है। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और जिले को नशामुक्त करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस काले कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।"

इस टीम को मिली सफलता
इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में एसडीओपी जावरा ग्रामीण श्री संदीप मालवीय, रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, ढोढर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, प्रधान आरक्षक सुधीरसिंह राठौर, राहुल उपाध्याय, आरक्षक नरेन्द्रसिंह जगावत, रविन्द्र सिंह चौहान और शोभाराम शर्मा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब पकड़े गए नए आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और बड़े नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।