Movie prime

वित्तीय अनियमितता में बड़ी कार्रवाई: भदवासा के पंचायत सचिव निलंबित, सरपंच-उपसरपंच को कारण बताओ नोटिस जारी

 

​रतलाम,10 अगस्त(इ खबर टुडे)। जिला प्रशासन ने पंचायत स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं और शासकीय राशि के दुरुपयोग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने ग्राम पंचायत भदवासा के सचिव कोमलसिंह पंवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले में संलिप्तता के आधार पर सरपंच श्रीमती अनीता मकवाना और उपसरपंच रमेश मालवीय को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।

ग्राम पंचायत भदवासा में वित्तीय गड़बड़ियों और फर्जी भुगतानों को लेकर शिकायतें मिली थीं। जिला पंचायत द्वारा कराई गई जांच के दौरान विभिन्न बिलों और भुगतानों से संबंधित अनियमितताएं प्रथम दृष्टया सही पाई गईं। सचिव कोमलसिंह पंवार से इस संबंध में जवाब मांगा गया था, लेकिन उनका स्पष्टीकरण समाधानकारक नहीं पाया गया, जिसके बाद निलंबन की यह सख्त कार्रवाई की गई।

​सरपंच और उपसरपंच पर भी गाज
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सरपंच अनीता मकवाना एवं उपसरपंच रमेश मालवीय की भूमिका भी कटघरे में पाई गई है। दोनों को 'मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम' की धारा 40 के तहत कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। प्रशासन ने उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

​लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: जिला प्रशासन
जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि पंचायत स्तर पर शासकीय राशि के दुरुपयोग, नियमों के उल्लंघन और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार त्वरित और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।