Movie prime

मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद का प्रतिभा सम्मान एवं पत्रिका विमोचन समारोह का हुआ आयोजन

 

 

रतलाम 19 सितम्बर (इ खबर टुडे)। सामाजिक एकजुटता युवाओं के मार्गदर्शन एवं वैवाहिक संबंधों को उद्देश्य से मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद द्वारा दो दिवसीय आयोजन सागोद रोड़ स्थित देवश्री गार्डन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके अन्तर्गत आज 19 सितम्बर रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह एवं नागर वैभव पत्रिका का विमोचन किया गया।

प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज के नर्सरी से लेकर स्नाकोत्तर तक के 68 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उज्जैन के डॉ. अरूण व्यास, विशेष अतिथि समाजसेवी भाजपा नेता महादेव प्रसाद नागर एवं शिक्षाविद् सुश्री श्वेता नागर द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही सेवानिवृत्त एवं नागर ब्राह्मण समाज की विशिष्ट प्रतिभाओं एवं नवागंतुक 5 सदस्यों का भी अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया ।

कार्यक्रम का भगवान हाटकेश्वर की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलन, माल्यार्पण एवं मंगलाचरण के साथ शुभारम्भ हुआ। अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष पं. जितेन्द्र नागर, संदीप जोशी, निर्मल व्यास, बबलु, ओम त्रिवेदी, हेमंत भट्ट, धर्मेन्द्र नागर, महेश रावल, नवनीत मेहता, दिलीप मेहता, सत्येन्द्र मेहता, पवन दवे, रितेश मंडलोई, राकेश नागर, राजेन्द्र रावल ने दुपट्टा एवं माला पहनाकर किया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय स्तर की स्मारिका नागर वैभव का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। जिसका सम्पादक ओम त्रिवेदी एवं सह सम्पादक मनीष रावल, आशीष नागर ने किया। ओम त्रिवेदी ने बताया कि 120 पृष्ठों वाली रंगीन स्मारिका को सुंदर कलेवर के साथ संजोया गया है। इसमें 300 से अधिक नागर ब्राह्मण युवक युवतियों का वैवाहिक रिश्तों के लिए सचित्र बायोडाटा सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी  के साथ संकलन करने योग्य है। यह स्मारिका वैवाहिक रिश्ते तय करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में अध्यक्ष पं. जितेन्द्र नागर ने दो दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम को श्वेता नागर ने संबोधित करते हुए  कहा कि असफलता को सफल होने पर भी हमेशा ध्यान में रखना चाहिए।  क्योंकि असफलता ही सफलता की जननी है। महादेव प्रसाद नागर ने कहा कि आज के कार्यक्रम से मैं बहुत प्रभावित हूं। इस कार्यक्रम की सभी कार्यकर्ताओं की बहुत-बहुत बधाई।

मुख्य अतिथि ने रतलाम की पुरी टीम को बधाई एवं शुभारम्भ देते हुए कहा कि समाज में संस्कार का होना बहुत जरूरी है। बच्चों को संस्कारवान  बनाने में मातृशक्ति की बहुत बड़ी भूमिका रहती है। अत: शिक्षा के साथ संस्कार जरूरी है।

कार्यक्रम का संचालन विवेक नागर तथा आभार संदीप जोशी ने व्यक्त किया। हाटकेश्वर न्यास अध्यक्ष संजय दवे एवं महिला परिषद अध्यक्ष  मीनाक्षी रावल भी अतिथियों के साथ मंचासीन रहे। कार्यक्रम पश्चात संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया गया । जिसमें भजनों की थाप पर महिलाओं ने भावविभोर होकर नृत्य किया।