रतलाम /देर रात खनिज माफिया पर शिकंजा, खनिज विभाग ने बिना नंबर का डंपर किया जप्त
रतलाम,29 मई (इ खबर टुडे )। कलेक्टर रतलाम के निर्देश पर अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की।
मिली जानकारी अनुसार गुरुवार-शुक्रवार दिनांक 28-29 मई 2026 की मध्यरात्रि लगभग एक बजे प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा रीना पाठक एवं खनिज निरीक्षक देवेंद्र कुमार चिड़ार के दल द्वारा सैलाना बायपास स्थित तालाब के पास औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खनिज मुरम से भरा एक बिना नंबर अंकित डंपर अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़ा गया। मौके पर वाहन चालक से मुरम परिवहन संबंधी वैध रॉयल्टी पर्ची या अन्य दस्तावेज मांगे गए, जो प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर दल द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए डंपर को मय खनिज मुरम के जप्त कर लिया गया।
जप्तशुदा वाहन को आगामी वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस थाना सैलाना की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

