अनंत चतुर्दशी: रतलाम पुलिस अलर्ट, चल समारोहों पर कड़ी सुरक्षा के साथ सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर
रतलाम, 24 सितंबर(इ खबर टुडे)। आगामी अनंत चतुर्दशी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए रतलाम पुलिस पूर्णतः अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। पर्व के दौरान निकलने वाले चल समारोहों और विभिन्न आयोजनों की सुरक्षा के लिए मैदानी स्तर पर तगड़ा पुलिस बल तैनात रहेगा।
मैदानी सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस का सोशल मीडिया सेल भी पूरी तरह सक्रिय है। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित होने वाले पोस्ट, वीडियो और कमेंट्स पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
पुलिस की नागरिकों से अपील है कि किसी भी भड़काऊ, आपत्तिजनक या विवादित सामग्री को पोस्ट, शेयर या फॉरवर्ड न करें। बिना सत्यता जांचे किसी भी सूचना को आगे न बढ़ाएं। अफवाह या भ्रामक खबर की जानकारी मिलने पर उसे शेयर करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें।
कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रतलाम पुलिस का मुख्य उद्देश्य अनंत चतुर्दशी और आगामी सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ संपन्न कराना है।

