कालिका माता मंदिर लोक और विरुपाक्ष महादेव मंदिर नए स्वरूप में विकसित होगा
रतलाम, 09 अप्रैल (इ खबर टुडे)। राज्य शासन द्वारा रतलाम जिले में कालिका माता मंदिर लोक और विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपांक को नए स्वरूप में विकसित करने संबंधी कार्य योजना तैयार की गई है। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म ,लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चैतन्य काश्यप मध्यप्रदेश शासन, विधायक रतलाम ग्रामीण मथुरालाल डामोर, महापौर प्रहलाद पटेल, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान इंजीनियर ने रतलाम शहर के कालिका माता मंदिर परिसर और विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपांक को नए स्वरूप में विकसित करने हेतु नक्शा एवं आमजन को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से प्रेजेंटेशन दिया। कार्य योजना के अनुसार रतलाम शहर के झाली तालाब के आसपास सुंदर डेकोरेशन लाइटिंग एवं दुर्गा माता के 9 स्वरूपों की आकर्षक झांकी तैयार की जाएगी। आने जाने वाले लोगों के लिए सुलभ रूप में दर्शन व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, फूड् जोन, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग व्यवस्था, झाली तालाब का सौंदर्यकरण, बाउंड्री वॉल, श्रद्धालुओं के लिए गरबा स्थल की व्यवस्था, पेड़ पौधों को आकर्षक रूप से सुसज्जित करने, आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा कर कार्ययोजना बनाई गई।
कालिका माता मंदिर लोक का निर्माण होने के बाद परिसर अपने नए स्वरूप में निखरेगा। कालिका माता मंदिर परिसर में मेला लगने के उचित स्थान की व्यवस्था, दुकानों की व्यवस्था आदि के संबंध में भी कार्य योजना तैयार की गई। विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपांक के मंदिर में मुख्य मंदिर तथा आसपास के चारों मंदिर का आवश्यक सुधार कार्य करते हुए नवीनीकृत किया जाएगा। मंदिर के आसपास परकोटा बनेगा।
आमजन की सुविधा अनुसार मंदिर के दर्शन लिए आवागमन की व्यवस्था, पार्किंग की व्यवस्था, आसपास की सभी सड़कों से आवागमन की व्यवस्था आदि की कार्य योजना बनाई गई। दांतोडिया रोड से ग्राम मऊ फंटा तक का डेढ़ किलोमीटर का मार्ग पीडब्ल्यूडी के सहयोग से बनाने के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने विकास कार्य संबंधित क्षेत्र के अतिक्रमण की स्थिति आबादी की स्थिति, निजी भूमि की स्थिति, शासकीय भूमि की स्थिति एवं कार्य में होने वाले व्यय का आकलन संबंधित अधिकारियो एंव इंजिनीयर को 14 अप्रैल तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बिलपांक के समाजसेवी अशोक पाटीदार, एसडीएम रतलाम ग्रामीण विवेक सोनकर, तहसीलदार आशीष उपाध्याय, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण अरुण कुमार पाठक, सब इंजीनियर पुरातत्व विभाग इंदौर अंकित चौहान, मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग से राजकुमार रघुवंशी, आर्किटेक्ट सागर जगवानी, कार्यपालिका यंत्री मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग मनीष डहरिया उपस्थित थे।

