रतलाम में गणेशोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की कवायद: सकल हिंदू समाज की सामूहिक बैठक आज सागोद रोड पर
रतलाम, 06 सितंबर (इ खबर टुडे)। आगामी दस दिवसीय गणेशोत्सव पर्व को भव्य, संगठित और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से सकल हिंदू समाज एवं गणेशोत्सव आयोजन समिति द्वारा आज रविवार को रतलाम में एक वृहद सामूहिक बैठक का आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक प्रातः 10:00 बजे सागोद रोड स्थित JMD पैलेस में होगी।
आयोजन समिति के अनुसार, गणेशोत्सव सनातन संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस वर्ष नगर की सभी गणेश उत्सव समितियों में बेहतर समन्वय स्थापित करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और सामूहिक शक्ति को मजबूत करने के लिए यह पहल की जा रही है। बैठक में आगामी गणेशोत्सव की तैयारियों, विभिन्न समितियों के बीच तालमेल और कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सकल हिंदू समाज, रतलाम ने नगर की समस्त गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, सदस्यों, कार्यकर्ताओं एवं धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में समय पर उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

