Movie prime

रतलाम: 40 साल पुराना भरोसा टूटा; गिरवी रखे सोने-चांदी के जेवर लौटाने से ज्वेलर्स ने किया इनकार, एसपी से शिकायत

 

​रतलाम, 22अप्रैल (इ खबर टुडे)। शहर के चांदनीचौक स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शॉप द्वारा एक बुजुर्ग किसान के साथ धोखाधड़ी और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है और अपने पुश्तैनी जेवर वापस दिलाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ​ग्राम सिमलावदा के निवासी 72 वर्षीय किसान हरलाल पिता धन्नाजी बंजारा ने शिकायत करते हुए बताया कि चांदनीचौक स्थित पी.एस. ज्वेलर्स (सैलाना वाले) के साथ उनका पिछले 40 वर्षों से लेनदेन का संबंध रहा है। ​पीड़ित के अनुसार, करीब 13 साल पहले उन्होंने आर्थिक जरूरतों के कारण अपनी सोने-चांदी की कीमती वस्तुएं उक्त ज्वेलर्स के पास एक लाख दस हजार रुपये में गिरवी रखी थीं। गिरवी रखे सामान में ​सोना के आभूषणों में हाथ का तड्डा (26 ग्राम), कान की मुर्की (11 ग्राम) और टॉप्स (6 ग्राम) और ​चांदी के आभूषणों में 1 किलो चांदी की पाट, 1 किलो चांदी हाली और 150 ग्राम चांदी का पोला शामिल था।

​ब्याज भरा, पर जेवर देने में आनाकानी
​किसान हरलाल का आरोप है कि उन्होंने 7 साल तक नियमित रूप से ब्याज का भुगतान किया। जब वे कुछ दिन पहले अपने जेवर छुड़ाने दुकान पर पहुंचे, तो संचालक ने पहले 'हिसाब पुराना' होने का बहाना बनाया। दोबारा जाने पर दुकानदार ने न केवल जेवर देने से साफ मना कर दिया, बल्कि बुजुर्ग के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार भी किया।

​पुलिस थाने में समझौते की कोशिश, किसान ने ठुकराया
​शिकायती पत्र के अनुसार, मामला माणकचौक थाने भी पहुँचा था। आरोप है कि 13 फरवरी 2026 को थाने में हुई चर्चा के दौरान विपक्षी पार्टी द्वारा बुजुर्ग को जेवर के बदले 1,50,000 रुपये लेकर मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाया गया। लेकिन किसान ने इसे ठुकरा दिया, क्योंकि वर्तमान बाजार भाव के अनुसार उन जेवरों की कीमत कहीं अधिक है। किसान का कहना है कि उनके पास इस पूरी घटना और बातचीत का वीडियो साक्ष्य भी मौजूद है।

​न्याय की उम्मीद

​बुजुर्ग किसान ने अब पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि उनकी उम्र और मेहनत की कमाई को देखते हुए दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए और उनके वर्षों पुराने जेवर वापस दिलाए जाएं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।