Movie prime

 जन अभियान परिषद ने शुरू किया ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान

 

 

पिपलौदा,6 सितम्बर (इ खबर टुडे)। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखण्ड पिपलौदा जिला रतलाम के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में जन अभियान परिषद विकासखंड पिपलौदा द्वारा जनपद पंचायत सभाकक्ष में एक दिवसीय मिट्टी गणेश निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेशव्यापी अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान के तहत प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में नवांकुर सखियों को प्रशिक्षण देकर ग्राम स्तर पर नागरिकों को मिट्टी के गणेश बनाने एवं स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक राजेंद्र चौहान ने सरल तरीके से मिट्टी के गणेश बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि पीओपी की प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित कर जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी से “माटी गणेश ही सिद्ध गणेश” के संकल्प के साथ पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव मनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में CMCLDP के BSW-MS​​W विद्यार्थी, नवांकुर सखियां, प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वयं मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं बनाईं और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में परामर्शदाता कांतिलाल पाटीदार, जगदीश बैरागी, अनिल पाटीदार, सोनल बघेल, सामाजिक संस्था प्रतिनिधि राजेंद्र राव भोगलेकर, युवा समाजसेवी प्रद्युम्न व्यास सहित बड़ी संख्या में जन अभियान परिषद से जुड़े सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।