Movie prime

 जैन मंदिर चोरी का खुलासा: पुजारी ही  निकला मास्टरमाइंड, तीन आरोपी गिरफ्तार; प्रतिमा और 94 हजार रुपये बरामद 

 

 

रतलाम,25 जून (इ खबर टुडे)। जिले के पिपलोदा थाना अंतर्गत सुखेड़ा जैन मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मंदिर के पुजारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई सिद्ध चक्र भगवान की चांदी की प्रतिमा तथा चोरी के सोने के हार को बेचकर प्राप्त 94 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को सुखेड़ा जैन मंदिर के पुजारी विशाल बैरागी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंदिर में भगवान आदिनाथ की प्रतिमा पर चढ़ा करीब 13 ग्राम वजनी सोने का हार और 180 ग्राम वजनी चांदी की सिद्ध चक्र भगवान की प्रतिमा चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर थाना पिपलोदा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक कैमरों में दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान मंदिर के पुजारी विशाल उर्फ शैलेन्द्र बैरागी के बयान संदिग्ध पाए गए। पुलिस द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। विशाल बैरागी ने अपने स्कूल समय के मित्र सुनील चौहान के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। योजना के अनुसार सुनील चौहान 21 जून को बस से सुखेड़ा पहुंचा और मंदिर से सोने का हार तथा सिद्ध चक्र भगवान की प्रतिमा चोरी कर ली।

पूछताछ में सामने आया कि चोरी के बाद सिद्ध चक्र की प्रतिमा पुजारी विशाल बैरागी को सौंप दी गई थी, जबकि सोने का हार बेचकर रकम आपस में बांटने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने विशाल बैरागी के कब्जे से चोरी गई प्रतिमा बरामद कर उसे पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इसके बाद पुलिस ने सुनील चौहान और उसके साथी दीपक टेलर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किया गया सोने का हार दिल्ली में करीब एक लाख रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस ने खर्च की गई राशि के बाद शेष 94 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए।

गिरफ्तार आरोपी

विशाल बैरागी (26), निवासी ग्राम बुढ़ा, जिला मंदसौर, हाल मुकाम सुखेड़ा
सुनील चौहान (26), निवासी ग्राम गर्रावद, जिला मंदसौर
दीपक टेलर (27), निवासी ग्राम पहेड़ा, थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर

बरामदगी

चांदी की सिद्ध चक्र भगवान की प्रतिमा (वजन 180 ग्राम)
चोरी के सोने के हार की बिक्री से प्राप्त 94,000 रुपये नकद

इनकी रही अहम भूमिका

मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कोली, उप निरीक्षक राजू माखोड़, आरक्षक विजयपाल सिंह, प्रेम मीणा, अभय चौहान, जितेन्द्र माली, कमल सिंह, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा तथा साइबर सेल रतलाम के आरक्षक तुषार सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।