Movie prime

 झिरन्या  फायरिंग मामला : रतलाम से फैमिली रेस्टोरेंट का संचालक इरफान गिरफ्तार

 खुद को बताता है मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य
 
 ** राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का संगठन है मुस्लिम राष्ट्रीय मंच

 

उज्जैन /रतलाम,9 सितम्बर( इ खबर टुडे)।  मध्य प्रदेश के उज्जैन (Ujjain) जिले के नागदा क्षेत्र के झिरन्या गांव में एक स्वागत समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीती देर रात रतलाम (Ratlam) से नकाबपोश मुख्य आरोपी इरफान अंसारी पिता रईस अंसारी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी इरफान अंसारी रतलाम में सालाखेड़ी पुलिस चौकी के सामने स्थित फैमिली रेस्टोरेंट का संचालक है। खास बात यह है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी इरफान अंसारी खुद को सोशल मीडिया के माध्यम से RSS  (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) के अनुषंगिक संगठन मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बताने के साथ भाजपा नेताओं और पुलिस अफसरों के साथ फोटो खिंचवाकर लोगों को प्रभावित कर डिस्प्यूट प्रॉपर्टी के काम करता है। 

उल्लेखनीय है  कि करीब दो सप्ताह पहले झिरन्या गांव में निकले एक जुलूस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवक मुंह पर नकाब बांधकर सार्वजनिक रूप से हवाई फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई और हिंदू संगठनों ने भी घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

विरोध के बाद सक्रिय हुई पुलिस और पहुंची रतलाम 

मामला तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद उज्जैन (Ujjain) पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश करते हुए रतलाम में छिपे नकाबपोश मुख्य आरोपी इरफान पिता रईस अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

हथियारों के दस्तावेजों की जुटा रहे जानकारी

उज्जैन Ujjain पुलिस अब हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियारों के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार किसके नाम पर रजिस्टर्ड हैं और उनका उपयोग किस परिस्थिति में किया गया। उज्जैन के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन और हवाई फायरिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। मामले में जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रतलाम में भी हिंदू संगठन ले चुका आपत्ति

जानकारी के अनुसार सालाखेड़ी पुलिस चौकी के सामने गिरफ्तार आरोपी इरफान अंसारी पहले गुरु कृपा रेस्टोरेंट के नाम से ढाबा संचालित करते हुए  लोगो को भ्रमित करता था। कुछ माह पूर्व रतलाम के हिन्दू संगठन पदाधिकारियों ने इसका पूरजोर विरोध करते हुए आपत्ति दर्ज करवाई थी। इस विरोध के बाद शातिर आरोपी इरफान अंसारी ने ढाबे का नाम बदलकर फैमिली रेस्टोरेंट रखा था। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी इरफान अंसारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, स्टेनो सहित भाजपा नेताओं के साथ फोटो वायरल कर प्रापर्टी के ऐसे कार्य करता था जो उलझे हुए हैं। इस कार्य से वह काफी रुपया भी कमाता है।