Movie prime

 बुजुर्ग महिला से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, यूपी से आरोपी और सुनार गिरफ्तार

 3.10 लाख का गला हुआ सोना बरामद, सीसीटीवी फुटेज और अंतरराज्यीय समन्वय से मिली बड़ी सफलता
 

 

रतलाम, 08 जुलाई (इ खबर टुडे)। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त शिक्षिका को झांसा देकर आभूषण ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से गिरोह के एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही ठगी का सोना खरीदकर उसे गलाने वाले अमरोहा (यूपी) के एक सुनार को भी दबोचा गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 10 हजार रुपये कीमत का गला हुआ सोना बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, राकेश पंद्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में की गई। घटना पिछले माह 07 जून 2026 की है, जब मित्र निवास कॉलोनी निवासी 72 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मोहिनी रायचंदानी गुरुद्वारा जा रही थीं। शक्ति मेडिकल वाली गली में दो बदमाशों ने उन्हें बातों में उलझाया और कहा कि आगे चोर घूम रहे हैं, गहने पहनकर जाना सुरक्षित नहीं है।

महिला ने उनकी बातों में आकर अपनी सोने की पाटली और मंगलसूत्र उतारकर बैग में रख लिए। आगे जाकर बदमाशों ने बैग सुरक्षित रखने और आगे छोड़ने का झांसा देकर महिला से बैग ले लिया और रफूचक्कर हो गए। बैग में गहनों के अलावा एक मोबाइल और 2,000 रुपये नकद थे। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी फुटेज से खुले राज, अंतरराज्यीय पुलिस से मिला इनपुट
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध बुजुर्ग महिला से बात करते दिखे। पुलिस ने इन फुटेज और हुलिए को अन्य राज्यों की पुलिस से साझा किया। तकनीकी विश्लेषण और अंतरराज्यीय समन्वय से आरोपियों की पहचान यूसुफ उर्फ मोटा (मेरठ, यूपी) और नौशाद शाह (ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड) के रूप में हुई।

यूपी से दबोचा गया आरोपी, सुनार भी चढ़ा हत्थे
मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने 29 जून 2026 को मुख्य आरोपी यूसुफ उर्फ मोटा को उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी नौशाद शाह के साथ मिलकर वारदात करना कबूला। यूसुफ ने बताया कि उन्होंने ठगे गए जेवरात अमरोहा (यूपी) के सुनार दिवाकर वर्मा को बेच दिए थे। पुलिस ने अमरोहा में दबिश देकर सुनार दिवाकर को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसने आभूषणों को गला दिया था। पुलिस ने सुनार के कब्जे से ₹3.10 लाख का गला हुआ सोना बरामद किया है। मामले में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई है।

फरार आरोपी की तलाश जारी
मामले का दूसरा आरोपी नौशाद शाह (निवासी उत्तराखंड) अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। गिरफ्तार आरोपी यूसुफ उर्फ मोटा का आपराधिक रिकॉर्ड है, उसके खिलाफ यूपी के श्रावस्ती में आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज है।

पुलिस टीम की सराहना
इस पूरी बड़ी कामयाबी और त्वरित कार्रवाई में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन, एएसआई प्रकाश डावर, प्रधान आरक्षक जितेंद्र बघेल, आरक्षक लोकेंद्र सोनी, अनिल सोलंकी और जितेंद्र चौधरी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।