रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता / 90 क्विंटल गेहूं चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 20 मई (इ खबर टुडे)। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में बड़ावदा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 90 क्विंटल गेहूं चोरी के मामले का खुलासा कर अंतरजिला चोर गिरोह के 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने क्षेत्र में 11 अन्य चोरियां करना भी कबूल किया है।
प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय ने प्रेस वार्ता में बताया कि गत 6 मई 2026 को बड़ावदा वार्ड क्रमांक 13 निवासी फरियादी अय्युब खां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके खेत के कुएं पर बने टीन शेड में 10 बीघा खेत का कटा हुआ गेहूं रखा था। 5 मई की रात जब वे सुबह खेत पहुंचे, तो गेहूं गायब था और मौके पर टायरों के निशान थे। बड़ावदा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बड़नगर से वाहन चुराकर की वारदात, महिदपुर मंडी में बेचा माल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और आईसीजेएस (ICJS) डाटा की मदद से संदिग्ध भंवरलाल चंद्रवंशी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी लखनसिंह गुर्जर के साथ मिलकर चोरी की बात कबूली।
आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि गेहूं चोरी करने के लिए उन्होंने एक दिन पहले बड़नगर क्षेत्र से एक आयशर वाहन चुराया था। इसी वाहन से गेहूं भरकर वे कच्चे रास्तों से रोहलखुर्द ले गए और बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर महिदपुर मंडी में बेच दिया। चोरी का आयशर वाहन उन्होंने देपालपुर निवासी यूसुफ को दे दिया था, जिसने वाहन को काट (डिस्मेंटल कर) दिया था।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
भंवरलाल पिता आशाराम चन्द्रवंशी (42 वर्ष), निवासी रोहलखुर्द, नागदा मंडी
लखनसिंह पिता रतनलाल गुर्जर (25 वर्ष), निवासी ग्राम एकतासा, देपालपुर (इंदौर)
युसुफ पिता बाबु शाह (45 वर्ष), निवासी गौतमपुरा रोड, देपालपुर (इंदौर) - (वाहन काटने का आरोपी)
आरोपियों के पास से जब्त मश्रुका (कुल कीमत: ₹10,73,000)
एक आयशर कंपनी का ट्रक (कीमत करीब ₹2,00,000)
एक आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली (कीमत करीब ₹6,50,000)
दो मोटरसाइकिलें (कीमत करीब ₹1,10,000)
गेहूं बिक्री की नगदी राशि (₹95,000)
09 पुराने चद्दर (कीमत करीब 18,000)
रिमांड पर खुलेगी अन्य चोरियों की पोल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 11 चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस अब तक 4 मामलों का माल बरामद कर चुकी है। अन्य वारदातों के संबंध में पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है, जिससे कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
टीम की मुख्य भूमिका व सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में बड़ावदा थाना प्रभारी/प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय, उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, जीवन बारिया, कार्यवाहक एएसआई शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह, जितेन्द्र बारिया, राजेश पानोला और आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, मोरसिंह डामोर, गोपालसिंह व कृष्णपालसिंह की मुख्य भूमिका रही।
साथ ही, साइबर सेल व अन्य स्टाफ से प्रधान आरक्षक शहजाद खान, दिनेशसिंह भदौरिया, लोमेश शर्मा (CCTNS), आरक्षक बालूसिंह, रोहताश जाट, नरेन्द्रसिंह हाड़ा और सैनिक प्रतापसिंह व नरेन्द्रसिंह का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।

