Movie prime

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढोढर का निरीक्षण, 100% अंक लाने वाले विद्यार्थियों को डिनर का वादा

 

 

रतलाम / ढोढर, 18सितंबर(इ खबर टुडे)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढोढर में आज भोपाल से आए स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव अरविंद चोरगड़े द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया।

इस अवसर पर एडीपीसी अशोक लोढा एवं मुकेश कुमार जी ठन्ना भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक प्रगति के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, वृक्षारोपण एवं शैक्षणिक गतिविधियां संतोषप्रद पाई गईं। विद्यालय में व्यवस्थाओं के संचालन एवं नियंत्रण के लिए प्राचार्य श्रीमती आरती सिसोदिया का कार्य संतोषजनक एवं उत्कृष्ट पाया गया।

श्री चोरगड़े ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जो भी विद्यार्थी परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल करेगा, उसे उनकी ओर से विशेष डिनर कराया जाएगा।

उप सचिव की इस घोषणा से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने तथा बेहतर परिणाम के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आरती सिसोदिया ने अरविंद चोरगड़े सहित उपस्थित अधिकारियों का विद्यालय निरीक्षण एवं विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम के लिए पूरी मेहनत और लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने भी विद्यार्थियों के लिए इस प्रोत्साहन को उत्साहवर्धक बताते हुए अरविंद चोरगड़े, अशोक लोड़ा एवं मुकेश कुमार जी ठन्ना के प्रति आभार व्यक्त किया।