नामली में भारी तनाव: हाईवे पर शव का अंतिम संस्कार को अड़े, 1 करोड़ के मुआवजे की मांग को लेकर घंटों चला धरना प्रदर्शन
रतलाम, 02मई (इ खबर टुडे)| जिले के नामली थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे ने शनिवार को उग्र जनाक्रोश का रूप ले लिया। दुर्घटना में घायल मुकेश कुमावत की इंदौर में उपचार के दौरान मौत के बाद शनिवार को नामली पूरी तरह बंद रहा। परिजनों और सर्वसमाज के लोगों ने न्याय व मुआवजे की मांग को लेकर महू-नीमच फोरलेन पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रशासन के साथ घंटों चली खींचतान और आश्वासन के बाद 12 दिनों के अल्टीमेटम पर धरना समाप्त हुआ।
शनिवार सुबह से ही नामली के व्यापारियों ने मुकेश की मौत के विरोध में अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। जैसे ही मृतक की शवयात्रा घर से निकली, वह सीधे फोरलेन हाईवे पर जा पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे पर ही अंतिम संस्कार करने की चेतावनी देते हुए धरना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी पुलिस फोर्स घटना स्थल मौजूद रहा।
प्रमुख मांगें जिन पर अड़ा रहा समाज
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने मुख्य रूप से तीन मांगें रखीं। मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। फोरलेन पर दुर्घटना वाले स्थान की खामियों को पूरा किया जाए। परिवार के एक सदस्य को सरकारी सहायता या नौकरी का प्रावधान दिया जाये।
प्रशासनिक सूझबूझ से थमा प्रदर्शन
मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे आला अधिकारियों ने परिजनों से कई दौर की चर्चा की। अधिकारियों द्वारा मांगों पर सकारात्मक विचार करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
12 दिनों का अल्टीमेटम
समाज जनों ने स्पष्ट किया है कि यदि 12 दिनों के भीतर उनकी तीनों मांगें पूरी नहीं की गईं, तो एक बार फिर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। 12 दिनों बाद मृतक का 13वीं का कार्यक्रम फोरलेन पर किया जाएगा।
शनिवार सुबह करीब तीन घंटे से ज्यादा धरना और प्रदर्शन चलने के बाद प्रशासन की सहमति और आश्वासन के बाद शवयात्रा श्मशान घाट के लिए रवाना हुई, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। पुलिस प्रशासन अब भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

