रतलाम / पुलिस अधीक्षक की अभिनव पहल, 15 पुलिस अधिकारियों - कर्मचारियों को किया सम्मानित
रतलाम,24 मार्च (इ खबर टुडे)। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए अभिनव पहल की है। उन्होंने साप्ताहिक समीक्षा के दौरान सराहनीय प्रदर्शन करने वाले 15 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने भी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।
सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों में उप निरीक्षक मुकेश सस्तियां, आर संजय सोनी, म.आर. रेणु, उनि रघुवीर जोशी, उप निरीक्षक किशनलाल रजक, विदेश सिंह भदौरिया, सउनि शंकर सिंह शक्तावत, सउनि अशोक चौहान, आरक्षक प्रीतम लोहार, आरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, प्र. आर. संजय आंजना, प्र. आर. जाकिर मंसूरी, सउनि फरहतुल्ला मिर्जा, प्र. आर. शैलेन्द्र सिंह सोलंकी और आर. जीवन विश्वकर्मा शामिल हैं।
इन अधिकारियों-कर्मचारियों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी और हत्या के प्रकरणों में खुलासे, नाबालिक अपहृता की सुरक्षा, अवैध मादक पदार्थ की धरपकड़, यातायात प्रबंधन और सीएम हेल्पलाइन निराकरण जैसे कार्यों में सराहनीय योगदान दिया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि इस प्रकार की पहल से पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का मनोबल मजबूत होगा। रतलाम पुलिस भविष्य में भी इस प्रकार की साप्ताहिक समीक्षा और सम्मान कार्यक्रम जारी रखेगी।

