Movie prime

 रतलाम में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 66 पेटी अवैध मदिरा के साथ इनोवा कार जप्त, आरोपी फरार

 
 

रतलाम, 23 मई (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग का सघन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन में विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी दल ने नाकेबंदी कर भारी मात्रा में अवैध मदिरा और परिवहन में प्रयुक्त इनोवा वाहन को जप्त किया है। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 13.60 लाख रुपए आंकी गई है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी पी.सी. केरवार के नेतृत्व में शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे वृत परगना रतलाम प्रभारी व आबकारी उपनिरीक्षक श्रीमती वंदना अग्रवाल को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना थी कि एक सफेद रंग की इनोवा कार (क्रमांक एमपी 44 बीसी 0889) से ग्राम झर से संदला रोड की ओर अवैध शराब ले जाई जा रही है।

सूचना पर आबकारी टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। आबकारी दल को देखकर आरोपी चालक ने वाहन को खेतों की तरफ मोड़ दिया और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।

लाखों की शराब और वाहन जप्त
टीम ने इनोवा वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। वाहन से 38 पेटी प्लेन मदिरा, 17 पेटी मसाला मदिरा, 11 पेटी ट्यूबोर्ग बीयर, कुल 66 पेटी मदिरा (627 बल्क लीटर) जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,60,000 सहित इनोवा कार अनुमानित कीमत 11,00,000 शामिल हैं। 

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
अवैध रूप से मदिरा का परिवहन करने पर आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे, चेतन वेद, पुष्पराज सिंह चौहान, अर्पित पांडे, श्रीमती संतोष मंडलोई सहित आबकारी आरक्षक संतोष नेका, प्रहलाद सिंह राठौर, बनसिंह अहरे, वरुण चौहान, मनोज वर्षी, दिनेश खारोल एवं नगर सैनिक चेतराम मालवीय का सराहनीय योगदान रहा। आबकारी अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।