राष्ट्र सेविका समिति का प्रारंभिक वर्ग 25 अप्रैल से रतलाम में,सौ से ज्यादा युवतियां होंगी प्रशिक्षित
रतलाम,24 अप्रैल (इ खबरटुडे)। देश की स्त्री शक्ति को राष्ट्रवाद और हिन्दुत्व की विचारधारा से जोडने में जुटी महिलाओं की प्रतिनिधि संस्था राष्ट्र सेविका समिति का पांच दिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण वर्ग 25 अप्रैल से रतलाम में प्रारंभ होगा। प्रारंभिक वर्ग में रतलाम विभाग के तीन जिलों की सौ से अधिक युवतियां बौद्धिक प्रशिक्षण के साथ ही लाठी चलाने और जुडो कराटे जैसी आत्मरक्षा की कलाओं का प्रशिक्षण प्राप्त करेगी।
राष्ट्र सेविका समिति की विभाग कार्यवाहिका सोनाली जैन ने बताया कि राष्ट्र सेविका समिति की सेविकाओं के प्रशिक्षण के लिए समिति द्वारा अलग अलग चार स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते है,जिनमें सेविकाओं को राष्ट्रवादी विचारधारा के बौद्धिक प्रशिक्षण के साथ शारीरीक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इसी क्रम में सेविकाओं के लिए प्रारंभिक प्रशिक्षण वर्ग इस बार रतलाम नगर में आयोजित किया जा रहा है।
सुश्री जैन ने राष्ट्र सेविका समिति द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण वर्गो की विशेषता बताते हुए कहा कि समिति का शिक्षा वर्ग एक साधना है,जहां भारत माता की सेवा के कर्तव्य को आचरण में लाना,अपनी क्षमताओं का विकास करना और स्त्री संगठन की आवश्यकता को समझने की सीख दी जाती है। समिति का स्पष्ट मत है कि महिला परिवार और राष्ट्र के लिए प्रेरणा स्त्रोत होती है। जब वह जागृत होती है,तभी समाज की उन्नति होती है।
सुश्री जैन ने प्रारंभिक प्रशिक्षण वर्ग की जानकारी देते हुए बताया कि 25 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले इस पांच दिवसीय वर्ग का समापन 1 मई को होगा। प्रारंभिक प्रशिक्षण वर्ग में रतलाम विभाग के रतलाम,झाबुआ और जावरा जिलों की सौ से अधिक युवतियां और महिलाएँ शामिल होंगी। वर्ग में 14 वर्ष से अधिक आयु की युवतियों और गृहिणियों को शामिल किया जाएगा।
सुश्री सोनाली जैन ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने वाली सेविकाएं प्रात: पांच बजे से रात्रि दस बजे तक विभिन्न कालखण्डों में बोद्धिक और शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। वर्ग के दौरान सेविकाओं को लेझिम,दण्ड प्रयोग और नियुद्ध (जुडो कराटे) आदि का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि सेविकाएं हिन्दुत्व के संस्कारों को सीखने के साथ ही आत्मरक्षा में भी समर्थ हो सके। वर्ग में भाग लेने वाली सेविकाओं को प्रशिक्षण देने के लिए आठ शिक्षिकाएं भी पूरे समय तक वर्ग में रहेंगी।
सुश्री जैन ने बताया कि प्रारंभिक वर्ग में शामिल होने वाली सेविकाएं स्वयं अपना शुल्क देकर इस प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होंगी। सभी सेविकाएं,राष्ट्र सेविका समिति के गणवेश में पांच दिनों तक प्रशिक्षण प्राप्त होगी।
सुश्री सोनाली जैन ने बताया कि अमृत सागर स्थित सरस्वती शिशु मन्दिर भवन में आयोजित किए जा रहे इस प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन सेविकाओं के लिए मातृ हस्तेन भोजन का कार्यक्रम रखा गया है जिसमें राष्ट्र सेविका समिति से जुडे परिवार दो-दो सेविकाओं के लिए अपने घर से भोजन लेकर आएंगे और वर्ग स्थल पर सेविकाओं का इन परिवारों के साथ सामूहिक भोजन होगा।
सुश्री सोनाली जैन ने बताया कि पांच दिवसीय वर्ग में राष्ट्र सेविका समिति की प्रान्तीय बौद्धिक प्रमुख समेत अन्य वरिष्ठ सेविकाओं का मार्गदर्शन भी सेविकाओं को प्राप्त होगा।