सांसदों को दी रतलाम रेल मंडल की उपलब्धियों और विकास कार्यो की जानकारी
रतलाम 05 जून(इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल कार्यालय स्थित समिति कक्ष में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय एवं माननीय सांसदों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत जनप्रतिनिधियों के स्वागत से हुई। तत्पश्चात महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन देते हुए पश्चिम रेलवे तथा रतलाम मंडल में संचालित विभिन्न विकासात्मक, संरक्षा एवं यात्री सुविधा संबंधी कार्यों की जानकारी दी। यह बैठक केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से रतलाम मंडल की उपलब्धियों, संरक्षा एवं सुरक्षा उपायों, यात्री सुविधाओं तथा अधोसंरचनात्मक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मंडल में वर्तमान में चल रही प्रमुख परियोजनाओं एवं भविष्य की विकास योजनाओं से भी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया।
सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों ने रतलाम मंडल द्वारा संरक्षा, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं तथा रेलवे अधोसंरचना के विकास हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बैठक के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनमें इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना, डॉ. अंबेडकर नगर ओंकारेश्वर आमान परिवर्तन कार्य, इंदौर स्टेशन पुनर्विकास परियोजना, रतलाम–इंदौर वाया फतेहाबाद मार्ग तथा उज्जैन–फतेहाबाद खंड के दोहरीकरण, विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, ट्रेनों के विस्तार, इंदौर एवं उज्जैन से नई रेल सेवाओं के संचालन तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े अन्य विषय प्रमुख रहे।
सांसदों के इस बैठक में वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों पर भी विशेष चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने सिंहस्थ से संबंधित रेलवे परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने हेतु सुझाव दिये गये।
महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी विषयों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों एवं मांगों पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों को यथाशीघ्र अवगत कराया जाएगा।
बैठक में माननीया केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, सांसद देवास महेंद्र सिंह सोलंकी, सांसद इंदौर शंकर लालवानी, सांसद खंडवा ज्ञानेश्वर पाटिल तथा सांसद दाहोद जसवंत सिंह भाभोर उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सांसद मंदसौर सुधीर गुप्ता, सांसद रतलाम-झाबुआ श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान, सांसद उज्जैन अनिल फिरोजिया, सांसद चित्तौड़गढ़ सी.पी. जोशी, सांसद भोपाल आलोक शर्मा एवं राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
रेल प्रशासन की ओर से महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के साथ पश्चिम रेलवे मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्ष, जिनमें प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (निर्माण), प्रमुख मुख्य इंजीनियर, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक तथा उप महाप्रबंधक (सामान्य) सहित रतलाम मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी उपस्थित रहे।

