रतलाम/ इंदौर के युवकों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर किया चाकू से हमला
रतलाम, 15 अप्रैल(इ खबर टुडे)। मंगलवार देर रात करीब 11:45 बजे धराड़ में एक शादी के जुलूस के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि इंदौर से आए युवकों ने बजरंग दल के जिला सह-संयोजक आशु टाक व योगेंद्र सिंह भाटी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उनके साथी आदित्य वर्मा पर भी जानलेवा हमला किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धराड़ के समीप बड़ोदिया रोड पर आयोजित एक शादी समारोह में इंदौर से आए दो मुस्लिम युवकों से गाड़ी निकालने और तेज़ चलाने की बात पर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने चाकू निकालकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। हमले से तीन कार्यकर्ता घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
क्षेत्र में तनाव
इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही हिंदू पक्ष के लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे। घटना के बाद दोनों ओर से पथराव भी हुआ, जिसमें 4-5 अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल रतलाम जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है साथ ही अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान के अनुसार, विवाद की शुरुआत गाड़ी निकालने जैसी छोटी बात से हुई थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

