Movie prime

रतलाम / बजरंग बलि की मूर्ति गायब का मामला, पांच घंटे किया हिन्दू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन

माणक चौक थाने का घेराव, गणेश देवरी चौराहे पर हनुमान चालीसा का पाठ
 

 

 

रतलाम, 31 अगस्त (इ खबर टुडे)।  शहर के हरमाला रोड स्थित अशोक नगर के पीछे ग्रीन सिटी के समीप गंगा जरिया महादेव मंदिर से बजरंग बली की मूर्ति को कथित तौर पर खंडित कर गायब किए जाने के मामले ने सोमवार को भारी तूल पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित हिन्दू संगठनों ने करीब पांच घंटे तक शहर में कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। चक्काजाम और थाने के घेराव के बाद पुलिस व प्रशासन के ठोस आश्वासन पर मामला शांत हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

उल्लेखनीय है सोमवार दोपहर को जब स्थानीय लोगों को मंदिर परिसर से बजरंग बली की मूर्ति गायब होने की सूचना मिली, तो हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए। कार्यकर्ताओं ने बताया कि रास्ते में सिंदूर बिखरा हुआ था और मंदिर की ध्वजा भी कुछ दूरी पर नीचे गिरी पड़ी थी। असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्ति को खंडित कर पास ही स्थित बावड़ी में फेंके जाने की आशंका जताई गई है।

सड़कों पर उतरा आक्रोश और थाने का घेराव
सूचना पर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम चौहान तत्काल पुलिस बल के साथ पहुंचे। हालांकि, शुरुआती जांच से असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने पहले हरमाला चौराहे पर चक्काजाम कर यातायात बाधित कर दिया। इसके बाद भीड़ ने माणक चौक थाने पहुंचकर घेराव किया और करीब दो घंटे तक जमकर नारेबाजी की। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ नीचे बैठकर समझाइश की कोशिश की, लेकिन मांगें पूरी न होने पर कार्यकर्ता गणेश देवरी चौराहे पहुंच गए। वहां उन्होंने सड़क पर बैठकर चक्काजाम किया और हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।

प्रशासनिक आश्वासन और सर्च अभियान
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग थी कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वयं बजरंग बली की नई प्रतिमा स्थापित कर आरती करें। करीब एक घंटे की भारी मशक्कत और सीएसपी के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस ने करीब तीन संदिग्ध युवको को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर बुला लिया गया है। टीम ने मंदिर के पास बनी बावड़ी में उतरकर मूर्ति की खोजबीन के लिए सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।