शहर में अनियंत्रित कार ने बाइक, ऑटो और गाय को मारी जोरदार टक्कर; बाउंड्री वॉल टूटी, चालक गिरफ्तार
रतलाम, 14 नवंबर। शहर के छत्रीपुल स्थित मेहंदीकुई बालाजी मंदिर के पास शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित हो गई। कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक, एक इलेक्ट्रिक ऑटो और एक गाय को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाय उछलकर मंदिर के सामने बनी बाउंड्री वॉल से जा टकराई, जिससे दीवार टूट गई और गाय गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, रत्नेश्वर रोड निवासी आकाश पिता कैलाश (32) भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में कलेक्शन का कार्य करता है। शनिवार दोपहर वह अपनी ब्रेजा कार (MP 43 CB 1338) लेकर मेहंदीकुई बालाजी मंदिर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल (MP 43 EA 3483) तथा एक इलेक्ट्रिक ऑटो (MP 09 DK 9053) को टक्कर मारते हुए वहां मौजूद एक गाय को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात जाम हो गया। सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सुचारु कराया और आरोपी कार चालक आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

