जिले में छात्र संघ चुनाव को लेकर भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
रतलाम,16 अगस्त (इ खबर टुडे)। आगामी समय में प्रस्तावित छात्र संघ कॉलेज चुनाव को लेकर रतलाम जिले में भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा के बैनर तले रतलाम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार की उपस्थिति में छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बैकलॉग पदों पर भर्ती, सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार, छात्रों की विभिन्न समस्याओं तथा कॉलेजों में आदिवासी छात्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 अगस्त 2026 को रतलाम में प्रदेश स्तरीय छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में बीपीवीएम से जुड़े मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है।
साथ ही आगामी छात्र संघ कॉलेज चुनाव में भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा रतलाम जिले के सभी कॉलेजों सहित धार, झाबुआ, अलीराजपुर, उज्जैन एवं प्रदेश के अन्य जिलों में अपने उम्मीदवार पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतारेगा। मोर्चा द्वारा छात्रहित, शिक्षा, रोजगार, बैकलॉग भर्ती, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता तथा आदिवासी छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं विद्यार्थी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान आगामी प्रदेश स्तरीय छात्र सम्मेलन एवं छात्र संघ चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में में भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश संयोजक ध्यानवीर डामोर ने पुराने अनुभवों से विद्यार्थियों को छात्र संगठन चुनाव के महत्व पर प्रकाश डाला वही बीपीवीएम में प्रदेश संयोजक दिनेश माल ने बताया कि पूरे जिले के सभी कॉलेजों में बीपीवीएम के पैनल से उम्मीदवार होंगे सभी को सामाजिक मुद्दों पर विद्यार्थी हित में चुनावों में भागीदारी सुनिश्चित करना है।
भील प्रदेश आंदोलन से जुड़े बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित हुए। बैठक का संचालन बीपीवीएम के जिला संयोजक अनिल मैडा ने संचालन किया।

