बुजुर्गों की सुध: रतलाम पुलिस के शिविर में 17 शिकायतों का तत्काल एक्शन, 6 मामलों में FIR के निर्देश
रतलाम, 27 अप्रैल (इ खबर टुडे)। वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रतलाम पुलिस की संवेदनशीलता धरातल पर नजर आई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में सोमवार को नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में 'वरिष्ठ नागरिक शिकायत निवारण शिविर' का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों ने न केवल बुजुर्गों की पीड़ा सुनी, बल्कि मौके पर ही सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
शिविर के दौरान SP अमित कुमार और ASP विवेक कुमार ने प्रत्येक बुजुर्ग से सीधे संवाद किया। प्राप्त 17 शिकायतों में से 6 मामले मारपीट से संबंधित थे, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही 'जीरो पर एफआईआर' दर्ज करने के आदेश दिए। इन एफआईआर को असल कायमी के लिए संबंधित थानों (पिपलौदा, औद्योगिक क्षेत्र जावरा, डीडी नगर, ताल एवं आलोट) भेजा गया है। 4 अन्य प्रकरणों का मौके पर ही आपसी सहमति और निर्देशानुसार निराकरण किया गया।
जब बुजुर्ग नहीं आ पाए, तो खुद घर पहुंची पुलिस
इस अभियान की खास बात यह रही कि एक वृद्धजन शारीरिक अक्षमता के कारण कंट्रोल रूम पहुंचने में असमर्थ थे। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशिक्षु IPS वैभव प्रिय स्वयं उनके निवास पर पहुंचे। उन्होंने न केवल बुजुर्ग की समस्या सुनी, बल्कि उनके परिजनों से चर्चा कर मौके पर ही विवाद को सुलझाया।
सुरक्षा और सम्मान का संदेश
रतलाम पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को एक ऐसा सुरक्षित मंच देना है जहाँ वे बिना किसी हिचक के अपनी बात रख सकें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपस्थिति रहे अधिकारी
इस शिविर में रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, निरीक्षक शंकर सिंह चौहान, श्रीमती पार्वती गौड़, उप निरीक्षक वी डी जोशी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

