Movie prime

 रतलाम पुलिस कार्रवाई: पिकअप से तस्करी की जा रही ₹10.32 लाख की अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार

 

 

रतलाम,06 जुलाई(इ खबर टुडे)। जिले में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आलोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में पुलिस ने एक बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने करीब 10.32 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।

​थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम ने बताया कि बीते दिन रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की पिकअप में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम खामरिया के बाहर रीछा मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप आती दिखी, जो पुलिस को देखकर तेज गति से आलोट की ओर भागने लगी। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और कुम्हार नाका (आलोट) पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

​एक आरोपी दबोचा, दूसरा फरार
​पुलिस ने मौके से वाहन चालक प्रधान सिंह (26) पिता विक्रम सिंह सोंधिया राजपूत, निवासी रणायरा पीर (थाना झार्डा, जिला उज्जैन) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका साथी जसपाल सिंह पिता मोकम सिंह सोंधिया राजपूत, निवासी फतेहगढ़ (थाना आगर) अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना आलोट में अपराध क्रमांक 364/2026 और मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

​177 पेटी शराब और वाहन जब्त
​पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर कुल 177 पेटी अवैध शराब जब्त की, जिसमें ​देशी प्लेन शराब 110 पेटी,​LEMEOUNT स्ट्रॉन्ग बीयर 67 पेटी, बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो पिकअप (कीमत करीब 7 लाख रुपये), ​कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत: ₹10.32 लाख शामिल हैं।

​सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, एएसआई मोहन भाटी, प्रधान आरक्षक कृष्णपाल सिंह परिहार, आरक्षक ईश्वर सिंह, अभिनंदन, दीपक पाटीदार, लोकेन्द्र शर्मा, चालक अनिल कुमार और थामस भाभर शामिल रहे, जिनकी भूमिका सराहनीय रही।