Movie prime

 रतलाम / अवैध MCX कारोबार का पर्दाफाश: करोड़ों का संदिग्ध लेनदेन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 मोबाइल डेटा से खुली कई फर्जी आईडी, बड़े नेटवर्क की आशंका
 

 

रतलाम,26 जून (इ खबर टुडे)। थाना सरवन पुलिस ने अवैध MCX ट्रेडिंग और उससे जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक की डिजिटल और तकनीकी जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन के संकेत मिले हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन और एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के नेतृत्व में की गई है।

पुलिस के अनुसार, बीती 6 जून 2026 को सैफी नगर (रतलाम) निवासी दिव्यांश उर्फ छोटू सोनी ने थाना सरवन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सरवन निवासी आदित्य (पिता राजेश सोमानी) ने MCX ट्रेडिंग के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की और बाद में उससे करीब एक करोड़ रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मोबाइल डेटा से खुले राज, कई व्यापारी रडार पर
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी आदित्य सोमानी को गिरफ्तार कर उसके मोबाइल और डिजिटल डेटा की जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी के मोबाइल से कई अलग-अलग फर्जी आईडी संचालित की जा रही थीं। इन आईडी के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन ट्रेडिंग और वित्तीय लेनदेन किए जा रहे थे।

इन शहरों तक फैले हैं तार: तकनीकी विश्लेषण के आधार पर इस अवैध कारोबार में सरवन, सैलाना, रतलाम, महिदपुर, उज्जैन और मंदसौर क्षेत्र के कुछ अन्य व्यापारियों की संलिप्तता की भी आशंका है। पुलिस इन सभी संदिग्धों की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है।

डेटा रिकवरी के लिए साइबर एक्सपर्ट्स की मदद
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने पकड़े जाने के डर से अपने मोबाइल से कुछ महत्वपूर्ण डेटा डिलीट करने का प्रयास किया था। पुलिस अब मोबाइल को विस्तृत फोरेंसिक परीक्षण और डेटा रिकवरी के लिए साइबर विशेषज्ञों के पास भेज रही है। इसके साथ ही आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल पेमेंट हिस्ट्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, जिससे इस रैकेट से जुड़े अन्य बड़े चेहरों का खुलासा होने की उम्मीद है।

टीम की सराहनीय भूमिका
इस बड़े नेटवर्क को उजागर करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सेमलिया, प्रधान आरक्षक गजेन्द्रसिंह झाला, प्रधान आरक्षक सूर्यपालसिंह, आरक्षक हिम्मतसिंह तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा एवं आरक्षक विपुल की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ बेहद सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।