Movie prime

 रतलाम / पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब की खेप पकड़ी, तीन आरोपी गिरफ्तार

 
 

रतलाम,30 मार्च (इ खबर टुडे)। जिले के कालूखेड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही एक कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई: कार से शराब तस्करी पकड़ी
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक हुंडई क्रेटा कार में अवैध शराब भरकर जावरा से रियावन की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर कालूखेड़ा पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 16 पेटी देशी मसाला शराब (कुल 800 क्वार्टर, 144 बल्क लीटर) बरामद हुई।
इस मामले में पुष्पराजसिंह राठौर (29) और रघुवंशी मोगिया (35), दोनों निवासी भाटखेड़ी, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शराब और कार सहित करीब 5.56 लाख रुपये का माल जब्त किया।

दूसरी कार्रवाई: घास में छुपाकर रखी थी शराब
एक अन्य सूचना पर पुलिस टीम ने कंसेर क्षेत्र में एक घर के पीछे घास में छुपाकर रखी गई शराब बरामद की। मौके से राहुल नायक (29), निवासी भाटखेड़ी, को गिरफ्तार किया गया। यहां से 236.64 बल्क लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.28 लाख रुपये आंकी गई है।

कुल जब्ती और कार्रवाई
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 480 बल्क लीटर अवैध शराब, एक कार और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 6.84 लाख रुपये बताई गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और शराब तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

आरोपियों को गिरफ्तार करने में निरीक्षक शंकरसिंह चौहान के नेतृत्व मे थाना कालुखेडा पुलिस टीम उनि प्रियंका चौहान,सउनि शिवनाथसिह राठौर ,सउनि.मनीष शर्मा ,प्र. आर. 779 महेन्द्र फतरोड,प्र.आर.781 नरेन्द्रसिंह चावड़ा,आर.996 श्याम पंडया, आर.182 नितिन जोशी,आर.822 पवन जाट,आर.461 लक्ष्मण ,म.आर.1066 योगिता,म.आर.1072 पुजा मुजाल्दे, सै.1029 दिलिप गायरी का सराहनीय योगदान रहा।