रतलाम / राजस्थान सीमा से आ रही अवैध शराब व बोलेरो ज़ब्त, 12.63 लाख का माल जब्त, तस्कर फरार
रतलाम, 22 मई (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाजना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मझोड़िया के जंगलों से घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब ज़ब्त की है। ज़ब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत 12.63 लाख आंकी गई है। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी सैलाना सुश्री नीलम बघेल के मार्गदर्शन में बाजना थाना पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस को देख जंगल की तरफ भगाई गाड़ी
जानकारी के अनुसार,आज शुक्रवार को बाजना थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि करबल खोरा निवासी गोविंद डिंडोर अपनी बोलेरो गाड़ी (क्रमांक MP-43-C-2471) में अवैध शराब भरकर राजस्थान की ओर से मझोड़िया क्षेत्र की तरफ आ रहा है।
सूचना मिलते ही बाजना थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम मझोड़िया क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो गाड़ी क्रमांक MP-43-C-2471 आती दिखाई दी। पुलिस को सामने देख चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाई और उसे जंगल की तरफ भगा ले गया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी से पीछा किया, जिसके बाद आरोपी रास्ता न देख बोलेरो को मझोड़िया के घने जंगल में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा गाडी की तलाशी लेने पर अवैध शराब 18 पेटी देशी प्लेन शराब के क्वार्टर कुल 162 बल्क लीटर सहित बोलेरो गाडी कूल 12,63,000/-कीमत को बरामद किया
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मौके से शराब और वाहन को ज़ब्त कर थाना बाजना में आरोपी गोविंद पिता मनजी डिंडोर निवासी करबल खोरा के खिलाफ अपराध क्रमांक 224/2026, धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश करने के साथ-साथ इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस बड़ी खेप को पकड़ने में बाजना थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया, उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़, प्रधान आरक्षक नीरज त्यागी, आरक्षक शंकर शिंदे, आरक्षक सन्नी मईड़ा, आरक्षक दरबार और साइबर सेल रतलाम की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।

