Movie prime

रतलाम / प्रेम प्रसंग के चलते थाना परिसर में पति ने पत्नी पर किया चाकू से जानलेवा हमला

 घायल महिला जिला चिकित्सालय में भर्ती, आरोपी पति पुलिस हिरासत में
 
 गुमशुदगी के बयान दर्ज कराने थाने पहुँची थी महिला, प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी थी

 

​रतलाम, 13 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले के जावरा शहर स्थित औद्योगिक थाना परिसर के भीतर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति ने अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। इस गंभीर घटना में महिला बुरी तरह घायल हो गई, जिसे पुलिस ने तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
​
थाना प्रभारी सुमित मिश्रा से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जीवन सिंह राठौड़, निवासी बहादुरपुर जागीर ने करीब आठ दिन पूर्व अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज कराई थी। दोनों की शादी ढाई वर्ष पूर्व आपसी रजामंदी से हुई थी। हालांकि, महिला का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह शादी के कुछ समय बाद ही उसी युवक के साथ चली गई थी।

​बयान के दौरान भड़का पति
पुलिस ने बताया कि सोमवार को यह महिला सामाजिक और पारिवारिक दबाव के चलते अपने बयान दर्ज कराने औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुँची थी। बयानों के दौरान महिला ने स्पष्ट किया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। पुलिस उसे नियमानुसार 'वन स्टॉप सेंटर' भेजने की प्रक्रिया कर रही थी।

​इसी बीच, जैसे ही महिला थाने से बाहर निकली, घात लगाए बैठे आरोपी पति जीवन सिंह राठौड़ ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस अचानक हुए हमले से थाना परिसर में हड़कंप मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वहाँ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और लहूलुहान अवस्था में महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी पति जीवन को मौके से ही हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

tejkuwar