Movie prime

 रतलाम - इंदौर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा: जोधपुर से इंदौर जा रही बस ट्रक में घुसी, पांच यात्री घायल

 
 

​रतलाम, 08 अप्रैल (इ खबर टुडे)। रतलाम - इंदौर फोरलेन पर आज बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिलपांक थाना क्षेत्र के रत्तागिरी फंटे के पास जोधपुर से इंदौर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट स्लीपर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हे मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया है। 

​प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब सात बजे का बताया जा रहा है। आगे चल रहे ट्रक का स्टीयरिंग अचानक फेल हो गया, जिसके बाद चालक ने फौरन ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्लीपर बस खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाई और ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त हो रही हल्की बारिश और सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण बस फिसल गई, जिससे टक्कर और भीषण हो गई। ​हादसे में घायल हुए सभी पांच यात्री ​शेरू, ​अंबाराम, ​राजू, ​विशाल, ​कृष्णा राजस्थान के बाड़मेर निवासी हैं। 

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।