दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ब्रिज से 30 फीट नीचे गिरी कार, मुखिया की मौत; पत्नी और दो बेटे गंभीर
रतलाम, 17 नवंबर (इ खबर टुडे)। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंबई से कानपुर जा रहे एक परिवार की तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर ब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में परिवार के मुखिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार (17 नवंबर) सुबह करीब 5:30 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के वालारुंडी के पास हुआ। होंडा सिटी कार (क्रमांक MH 34 AT 8414) तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर व लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे ब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस पूरी दुर्घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार बेकाबू होकर ब्रिज से नीचे गिरती नजर आ रही है।
सोमवार शाम मुंबई से निकले थे, कानपुर जा रहा था परिवार
मृतक की पहचान 60 वर्षीय साबिर पिता हसन अली के रूप में हुई है। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में मुंबई के मीरा रोड इलाके में निवास कर रहे थे। सोमवार शाम करीब 4 बजे साबिर अपनी पत्नी नसीम (45) और दोनों बेटों सैफ (30) व जैद (25) के साथ कार से अपने पैतृक घर कानपुर जाने के लिए रवाना हुए थे।
मेडिकल कॉलेज में घायलों का उपचार जारी
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम ने रेस्क्यू कर कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद साबिर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पत्नी नसीम और दोनों बेटों का अस्पताल में उपचार जारी है। शिवगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

