world cancer day/ 4 फरवरी विश्व कैंसर दिवस पर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा
रतलाम 03 फरवरी(इ खबर टुडे ) मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने बताया कि विश्व कैंसर दिवस 4 फरवरी को मनाया जाता है ।
विश्व कैंसर दिवस पर जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल में कैंसर जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सभी 30 से 65 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों की मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर तथा अन्य कैंसर की जांच की जाएगी।
मुख कैंसर की जांच
यह वह कैंसर है जो मौखिक गुहा में होता है मौखिक गुहा में होठों और गालों की आंतरिक परत बक्कल म्यूकोशा दांत ,मसूड़े , जीभ का अगला भाग , जबड़े के नीचे मुंह का फर्श और कठोर तालु शामिल है। शुरुआती अवस्था में मुंह के कैंसर का इलाज आसानी से हो जाता है।
आमतौर पर इसका एक लंबा प्राकृतिक इतिहास होता है और मुंह के कैंसर के अधिकांश मामले कैंसर पूर्व घावों से उत्पन्न होते हैं। तंबाकू चबाने के उच्च प्रचलन के कारण भारत में यह एक काम कैंसर है।
मुख कैंसर की जांच लोक विजुअल एग्जामिनेशन तकनीक के माध्यम से की जाती है। 30 से 65 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिलाओं की मुख कैंसर की जांच प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारी अथवा दंत चिकित्सक तथा नर्सिंग ऑफिसर के द्वारा की जाएगी।
स्तन कैंसर की जांच
शुरुआती अवस्था में स्तन कैंसर का पता लगने पर इसका उपचार आसान रहता है। स्तन कैंसर की जांच क्लीनिकल ब्रेस्ट एग्जामिनेशन तकनीक के माध्यम से की जाती है।
स्तन कैंसर के मुख्य लक्षणों में स्थानीय बगल में कठोर दर्द रहित गांठ होना स्तन के आकार या त्वचा में बदलाव और निप्पल का अंदर की ओर मुड़ना या इस तरह होना शामिल है। ऐसे किसी भी बदलाव को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। स्तन कैंसर की जांच प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला डॉक्टर अथवा नर्सिंग ऑफिसर द्वारा की जाएगी ।
सर्वाइकल कैंसर की जांच
सर्वाइकल कैंसर की शुरुआती अवस्था में महिलाओं में कोई लक्षण नजर नहीं आते हैं , सर्वाइकल कैंसर की जांच वी आई ए ( visual inspection with acitic acid ) परीक्षण के माध्यम से की जाती है। यह एक साधारण परीक्षण है जिसके द्वारा असामान्य कोशिकाओं का पता लग जाता है।
30 वर्ष से 65 वर्ष की महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की जांच प्रशिक्षित स्त्री रोग विशेषज्ञ अथवा चिकित्सा अधिकारी तथा नर्सिंग ऑफिसर द्वारा की जाएगी। सर्वाइकल कैंसर के मुख्य लक्षण असामान्य रक्तस्राव, योनि स्राव , पेल्विक या कमर दर्द , संभोग के दौरान दर्द, पेशाब संबंधी समस्याएं, पैरों में सूजन, वजन और भूख में कमी होना , लगातार थकावट होना आदि मुख्य है।
केंसर पीड़ितों के लिए परमार्थ का एक और कदम है । विश्व कैंसर जागरूकता दिवस पर मध्य प्रदेश कैंसर नियंत्रण सोसायटी के आजीवन सदस्य अशोक अग्रवाल और कैंसर की रोकथाम की जागरूकता में अग्रसर डॉ प्रदीपसिंह राव ने जनता से अपील की है कि वो अपने घर,मोहल्ले ,नगर और शिक्षण संस्थाओं में इस दिन सबको संकल्प दिलवाएं कि वो समाज को तम्बाकू,सिगरेट,बीडी पाउच के सेवन से मुक्त करवाने में आजीवन सहयोग करेंगे। इस दिशा में जिला चिकित्सालय रतलाम की सी एम ओ डॉ संध्या बेलसरे और उनकी टीम निरंतर केंसर परीक्षण के निःशुल्क शिविर आयोजित कर रही हैं। पूरे जिले में और नगर मे जनजागरूकता रैलियां निकाली जाती हैं।
32वर्षों से कैंसर की रोकथाम की जागरूकता में संलग्न अशोक अग्रवाल और उनके सहयोगी वरिष्ठ रचनाकार डॉ प्रदीपसिंह राव इस माह कैंसर पीड़ितों और सामान्य जन के लिए एक बहुउपयोगी स्मारिका प्रकाशित कर रहे हैं। जिसमें देश भर के सर्वश्रेष्ठ कैंसर उपचार के अस्पतालों, चिकित्सकों,और इनसे जुड़ी योजनाओं की वृहत जानकारी होगी जो अनुपम मार्गदर्शिका का काम करेगी।
जागरूकता के अभियान को जिला चिकित्सालय के जनसंपर्क अधिकारी आशीष चौरसिया ने नई दिशा दी है।उल्लेखनीय है कि इसके संपादक डॉ राव ने पीड़ितों के सहायतार्थ अब तक तीन पुस्तकें प्रकाशित कर उसकी आय परमार्थ में लगाई हैं। देश,विदेश में 100से अधिक विमोचन हुए है। नई "कैंसर मार्गदर्शिका "के विमोचन में देश के विख्यात कैंसर विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है।

