रतलाम / जन्मदिन की पार्टी पर चलाई बंदूक, पड़ोसी हुआ घायल पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
रतलाम,10 मार्च (इ खबर टुडे)। जिले के आलोट थाना क्षेत्र अंतर्गत जन्मदिन पर बंदूक से फायर करने की घटना सामने आई है। फायर से पड़ोस में रह रहे एक व्यक्ति को छर्रे लग गए। जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया।
आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 11 बजे नायक मोहल्ले की है। यहां रहने वाले श्याम नायक अपने जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायर कर दिया। फायरिंग के बाद गोली के छरें बिखर गए, जिनमें से एक छर्रा पड़ोस में खड़े रोहित मालवीय के पैर में जा लगा।
छर्रा लगने से रोहित मालवीय घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी गौतम ने बताया कि आरोपी श्याम नायक उज्जैन के महाकाल मंदिर में प्राइवेट सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है और छुट्टी पर अपने घर आलोट आया हुआ था। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

